गुजरात में विधानसभा चुनावों की तारीख जैसे जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे कांग्रेस की मुसीबतें बढ़ती जा रही हैं. अबदाहोद जिले के झालोड़ से कांग्रेस के विधायक भावेश कटारा ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है. बड़ी बात यह है कि वह पिछले दो दिनों में मोहनसिंह राठवा और भगवान बराड़ के बाद इस्तीफा देने वाले कांग्रेस के तीसरे विधायक हैं. एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि कटारा विधानसभा अध्यक्ष निमाबेन आचार्य के आवास पर गए और उन्हें अपना इस्तीफा सौंपा.
बीजेपी में शामिल हो सकते हैं भावेश कटारा
कटारा ने ऐसे समय में इस्तीफा दिया है जब भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप देने में जुटी है. कटारा आज बीजेपी में शामिल हो सकते हैं. इससे पहले राठवा और बराड़ भी कांग्रेस से इस्तीफा देकर बीजेपी में शामिल हो गए थे.
गुजरात विधानसभा के लिए दो चरणों में एक दिसंबर और पांच दिसंबर को मतदान होगा. आठ दिसंबर को नतीजे घोषित होंगे.







