नई दिल्ली। गुजरात चुनाव और दिल्ली एमसीडी चुनाव को लेकर भाजपा व आम आदमी पार्टी के बीच घमासान है। बुधवार को दिल्ली में चुनाव आयोग के दफ्तर पर उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने धरना शुरू कर दिया है।
आरोप है कि सूरत में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार को धमकाया गया है। यहीं नही उम्मीदवार को डरा धमका कर पर्चा वापस करवाया गया है। कार्यकर्ताओं ने बीजेपी मुर्दाबाद, लोकतंत्र जिंदाबाद, लोकतंत्र की हत्या बंद करो के नारे लगाते हुए चुनाव आयोग से एक्शन लेने की मांग की।
उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भाजपा पर हमला करते हुए आरोप लगाया है कि गुजरात में चुनाव के नाम पर ढकोसला हो रहा है। BJP के गुंडों और प्रशासन ने कंचन जरीवाला पर नामांकन पत्र वापस लेने का दबाव बनाया है।
उधर, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संचार विभाग के अध्यक्ष अनिल भारद्वाज ने दावा किया है कि निगम चुनाव के नतीजों में दिल्ली की जनता भाजपा और आप को उनके द्वारा किए गए खोखले वादों का परिणाम दिखा देगी। मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में भारद्वाज ने कहा कि 15 वर्ष से भाजपा और आठ वर्ष से आम आदमी पार्टी (आप) अपने भ्रष्टाचार और विफलताओं को छिपाने के लिए दिल्ली की जनता को झूठे जुमलों के जरिये गुमराह करने की कोशिश कर रही हैं।
भाजपा और आप जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर और कूड़े के तीनों पहाड़ों को लेकर आरोप-प्रत्यारोप में लगे हैं। लेकिन, दोनों पार्टी इस बात को स्वीकार नहीं करतीं कि इनके भ्रष्टाचार और निष्क्रियता के कारण ही लोगों को गंदगी के बीच रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। भारद्वाज ने कहा कि यह कांग्रेस सरकार की देन है, जो आज दिल्ली को आधुनिक और सुंदर शहरों में गिना जाता है।







