शिमला। संडे मार्केट को लोअर बाजार से शिफ्ट कर आजीविका भवन के टैरेस पर सजाने के फैसला को नगर निगम ने 24 घंटे के भीतर ही बदल दिया। निगम प्रशासन ने शुक्रवार को इस बारे में संपदा शाखा को निर्देश जारी किए थे लेकिन विरोध के बाद इस फैसले को वापस लेना पड़ा। संपदा शाखा की टीम शनिवार सुबह ही अधीक्षक अमरचंद की अगुवाई में आजीविका भवन पहुंच गई। टैरेस पर येलो लाइन लगाकर करीब 250 दुकानों के लिए स्थान चिह्नित कर दिए।
दोपहर तक निगम टीम इसकी रिपोर्ट तैयार कर वापस दफ्तर पहुंची थी कि लोअर बाजार से कई तहबाजारी नगर निगम कार्यालय पहुंच गए। इन्होंने निगम के फैसले पर ऐतराज जताया। बोले कि वह पंजीकृत तहबाजारी हैं। इसमें जब सोमवार से शनिवार तक लोअर बाजार में चिह्नित की गई जगह पर दुकानें लगा सकते हैं तो फिर रविवार को जबरदस्ती दुकान लगाने के लिए उन्हें आजीविका भवन क्यों भेजा जा रहा है। निगम ने सभी तहबाजारियों को आजीविका भवन जाने का फरमान सुनाया है, लेकिन पंजीकृत तहबाजारी यह आदेश नहीं मानेंगे। निगम को कार्रवाई ही करनी है तो उन तहबाजारियों पर की जाए जो सिर्फ रविवार के दिन बाहर से आकर लोअर बाजार की सड़क पर दुकानें सजाते हैं। शहर के तहबाजारियों को परेशान करना बंद करें। बाद में नगर निगम प्रशासन को अपना फैसला बदलना पड़ा। अब आजीविका भवन के टैरेस पर संडे मार्केट नहीं सजेगी। हालांकि निगम ने लोअर बाजार में भी सड़कों पर संडे मार्केट सजाने पर अपनी पाबंदी जारी रखी है।
आजीविका भवन में भी क्यों दें दुकानें
संडे मार्केट आजीविका भवन के टैरेस पर शिफ्ट करने के फैसले पर हरजीत मंगा की अगुवाई वाला व्यापार मंडल भी भड़क गया। आपत्ति जताई कि आखिर नगर निगम बाहर से आने वाले तहबाजारियों को शहर में सामान बेचने की जगह क्यों दे रहा है। यह कोई टैक्स तक नहीं देते। अध्यक्ष हरजीत मंगा और उपाध्यक्ष अजय सरना ने कहा कि जो तहबाजारी कालका, पंजाब, यमुनानगर से आकर सिर्फ रविवार को ही शहर में दुकानें सजाते हैं, उन पर कार्रवाई होनी चाहिए।
इन्हें आजीविका भवन में भी दुकानें नहीं मिलनी चाहिए। इसमें जो पंजीकृत तहबाजारी हैं और सोमवार से शनिवार तक लोअर बाजार में दुकानें सजा रहे हैं, उनके रविवार को भी दुकानें लगाने पर व्यापार मंडल को आपत्ति नहीं है। वहीं संजीव ठाकुर की अगुवाई वाले व्यापार मंडल ने भी बाहरी तहबाजारियों पर कार्रवाई की मांग की। अध्यक्ष संजीव ठाकुर ने कहा कि बाहर से आने वाले तहबाजारियों पर रोक लगाई जाए।
हम नहीं मानेंगे ऐसे फरमान : अध्यक्ष
तहबाजारी यूनियन के अध्यक्ष सुरेंद्र बिट्टू ने कहा कि नगर निगम ने बिना टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक कर ऐसे फरमान जारी कर दिए, यह नहीं माने जाएंगे। तहबाजारी रविवार को आजीविका भवन नहीं जाएंगे।
आजीविका भवन में नहीं लगेगी मार्केट
नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त बीआर शर्मा ने कहा कि प्रशासनिक कारणों से आजीविका भवन के टैरेस पर संडे मार्केट लगाने का फैसला टाल दिया है। अभी टैरेस पर दुकानें नहीं लगाई जाएंगी।







