नई दिल्ली : केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने भारत राष्ट्र समिति (BRS) की नेता के. कविता (K Kavitha) के पूर्व सहयोगी बताए जा रहे हैदराबाद के चार्टर्ड अकाउंटेंड (CA) बुच्ची बाबू गोरंटला (Butchi Babu Gorantla) को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी न बताया कि सीबीआई ने हैदराबाद निवासी गोरंटला को दिल्ली एक्साइज पॉलिसी मामले के संबंध में पूछताछ के लिए राजधानी बुलाया था। माना जाता है कि आरोपी तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (K Chandrashekar Rao) की बेटी MLC कविता का पूर्व सहयोगी है, जिसका नाम पहले ही मामले में आ चुका था। उसे आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि वह सहयोग नहीं कर रहा था और जवाब देने में टालमटोल कर रहा था, जिसके बाद उसे मंगलवार शाम गिरफ्तार कर लिया गया। सीबीआई ने आरोप लगाया है कि अब रद्द की जा चुकी दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 के निर्माण और उसके कार्यान्वयन में गोरंटला की भूमिका से हैदराबाद स्थित थोक एवं खुदरा लाइसेंसधारियों को अनुचित लाभ पहुंचा।
एजेंसी सीए को आज यानी बुधवार को एक विशेष अदालत में पेश करेगी।
सीबीआई ने पिछले साल दिसंबर में इस मामले में तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की बेटी कविता से पूछताछ की थी। कविता से सीबीआई ने इस मामले के संबंध में 12 दिसंबर को हैदराबाद में पूछताछ की थी। प्रवर्तन विभाग ने आरोप लगाया था कि वह “साउथ कार्टेल” का हिस्सा थीं, जिसे शराब नीति मामले में रिश्वत से फायदा हुआ था।
तेलंगाना में सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति की विधान परिषद सदस्य कविता ने पिछले साल दिसंबर में कहा था कि दिल्ली शराब घोटाला मामले में उनके खिलाफ लगाए गए आरोप पूरी तरह से फर्जी और झूठे हैं और यह भारतीय जनता पार्टी का राजनीतिक प्रतिशोध है।
हाई कोर्ट की जज ने खुद को सुनवाई से किया अलग
इस बीच, दिल्ली हाई कोर्ट की एक जज ने दिल्ली आबकारी नीति घोटाला मामले में आरोपी कारोबारी विजय नायर की याचिका पर सुनवाई से खुद को अलग कर लिया। नायर ने अपनी याचिका में आरोप लगाया है कि जांच एजेंसियां मामले से जुड़ी संवेदनशील जानकारी मीडिया को लीक कर रही हैं। याचिका में प्रतिवादियों की सूची का अध्ययन करने के बाद जस्टिस प्रतिभा एम. सिंह ने कहा कि वह इस मामले की सुनवाई नहीं कर सकती हैं।







