नई दिल्ली: हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अगुवाई वाली सरकार में सहयोगी जननायक जनता पार्टी (जजपा) ने भाजपा के साथ किसी भी तरह के मतभेद से इनकार किया. जजपा ने साथ ही कहा कि मौजूदा व्यवस्था के तहत अगला चुनाव लड़ने पर अभी तक कोई फैसला नहीं किया गया है.
उसने कहा कि वह सभी 10 लोकसभा सीटों और 90 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है. जजपा नेता एवं हरियाणा के मंत्री देविंदर सिंह बबली ने कहा कि उनकी पार्टी आने वाले हफ्तों में हरियाणा के सभी 10 संसदीय क्षेत्रों में रैलियां करेगी क्योंकि पार्टी राज्य में लोगों के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने की योजना बना रही है.
जजपा नेता ने और क्या कहा?
बबली ने कहा कि पहली रैली दो जुलाई को सोनीपत संसदीय क्षेत्र में होगी. उन्होंने कहा, पहले चरण में पांच विधानसभा क्षेत्रों में अगस्त तक जनसभाएं की जाएंगी. भाजपा के साथ अनबन की खबरों के बारे में पूछे जाने पर, बबली ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के हाल में दिए गए उस बयान का हवाला दिया, जिसमें कहा गया था कि गठबंधन बरकरार है और जारी रहेगा.
बबली ने कहा कि मुख्यमंत्री ने खुद कहा था कि गठबंधन मजबूत हो रहा है और सरकार लोगों के कल्याण के लिए काम कर रही है. उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी.







