बिहार के बेतिया के नौतन गांव में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. इस वक्त जब गर्मी और उमस की वजह से लोग बिजली थोड़ी देर के लिए भी कट जाए तो परेशान हो जाते हैं वैसे समय में गांव के लोगों को काफी देर तक बिना लाइट के रहना पड़ता था. यह बिजली गांव की एक लड़की काट देती थी ताकि रात के अंधेरे में अपने प्रेमी से मिल सके. कुछ समय तक तो गांव के लोग इसे बिजली कटने की सामान्य घटना मानते रहे. लगातार ऐसा होने पर गांव के कुछ लोगों को शक हुआ और उन्होंने लड़की पर नजर रखनी शुरू की. उसके बाद एक दिन उसे रंगे हाथों प्रेमी के साथ पकड़ा जिसके बाद कुछ लोगों ने प्रेमी जोड़े की पिटाई भी कर दी.
प्रेमी के साथ मिलने के लिए बनाया था जोरदार प्लान
स्थानीय लोगों ने एक मीडिया समूह को बताया कि बिहार में इन दिनों बिजली की समस्या रहती है तो हमने ध्यान नहीं दिया. लड़की को रोज एक ही समय पर निकलते देख हमें शक हुआ. बताया जा रहा है कि लड़की और उसका प्रेमी किसी के घर में काम करते थे. दोनों को मालिक ने अपने बगीचे में आपत्तिजनक हालत में पकड़ा. डांटने पर उन दोनों ने मालिक की ही पिटाई शुरू कर दी और भागने की कोशिश में थे लेकिन तभी परिवार के और लोग औऱ आसपास के लोग इकट्ठा हो गए.







