हैदराबाद : हैदराबाद में फिल्म को देखकर अपराध करने की एक घटना सामने आई है। हैदराबाद में नकली नोट छापने और उन्हें सर्कुलेट करने की घटना सामने आई है। इस अपराध में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है, साथ ही उनके पास से 4 लाख रुपए के नकली नोट भी बरामद किए हैं। पकड़े जाने पर आरोपियों ने इस बात का खुलासा किया कि वे हाल ही में रिलीज हुई वेब सीरीज फर्जी (Farzi) को देखकर प्रभावित हुए और फिर उन्होंने उसी से नकली नोट छापने का आइडिया मिला।
हैदराबाद के पुलिस निरीक्षक अंजनेयुलु के अनुसार, पकड़े गए आरोपी कंप्यूटर एक्सपर्ट हैं। मुख्य आरोपी वनम लक्ष्मीनारायण ने कथित तौर पर अपराध को अंजाम देने के लिए एक स्क्रीन प्रिंटर, ग्रीन फ़ॉइल पेपर, जेके एक्सेल बॉन्ड पेपर, कटर और एक लेमिनेशन मशीन का इस्तेमाल किया। ‘फर्जी’ वेब सीरीज से प्रेरित होकर उसने नकली नोट छापने और उन्हें बाजार में चलाने का फैसला किया।
पुलिस अधिकारी का कहना है कि इसमें उसका साथ एरुकला प्रणय कुमार नामक व्यक्ति को दिया। उसे फल और सब्जी बाजार में ₹ 20,000 की नकली नोट के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने कहा, “हमने ₹500 मूल्यवर्ग के 810 नकली नोट जब्त किए हैं जिन्हें वह मार्केट में फैला रहा था। मुख्य आरोपी के पास से प्रिंटर, स्कैनर और अन्य चीजें भी जब्त की गईं हैं।”
जांच के दौरान, यह पता चला कि लक्ष्मीनारायण, जो पहले से ही धोखाधड़ी में शामिल था, ने कुमार को मुनाफे में हिस्सेदारी का वादा करके अपराध में शामिल किया था। दोनों आरोपी अब हैदराबाद पुलिस की हिरासत में हैं।







