नई दिल्ली। जब से बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत को मंडी लोकसभा सीट से बीजेपी का उम्मीदवार घोषित किया गया है तब से लगातार वह चर्चा में किसी ना किसी मामले को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं। अब एक बार फिर कंगना का नाम सुर्खियों में है। वजह है सुभाषचंद्र बोस को लेकर दिया गया उनका एक बयान। दरअसल सोशल मीडिया पर एक क्लिप वायरल हो रही है जिसमें कंगना रनौत ने सुभाष चंद्र बोस को देश का पहला प्रधानमंत्री बता दिया। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर ट्रोल किया गया। कई राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी उनका मजाक उड़ाया। हालांकि कंगना ने चुप रहने के बजाय इन सभी पर पलटवार किया है और सुभाष चंद्र बोस को देश का पहला प्रधानमंत्री बताने के पीछे की वजह भी बताई है।
कंगना रनौत ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर एक खबर का स्क्रीन शॉर्ट शेयर किया है जिसमें बताया गया है कि 21 अक्टूबर, 1943 को नेताजी ने सिंगापुर में आज़ाद हिंद (स्वतंत्र भारत) की सरकार बनाई और द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान खुद को प्रधान मंत्री और युद्ध मंत्री घोषित किया। इस स्क्रीनशॉट के साथ कंगना रनौत ने लिखा, वे सभी जो मुझे भारत के पहले पीएम पर ज्ञान दे रहे हैं, इस स्क्रीन शॉट को अवश्य पढ़ें, यहां शुरुआती लोगों के लिए कुछ सामान्य ज्ञान है, वे सभी प्रतिभाशाली लोग जो मुझे कुछ शिक्षा प्राप्त करने के लिए कह रहे हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि मैंने आपातकाल नामक एक फिल्म लिखी है, अभिनय किया है, निर्देशित किया है। जो मुख्य रूप से नेहरू परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, इसलिए कृपया कोई मैन्सप्लेनिंग न करें । अगर अगर मैं आपके आईक्यू से बहुत आगे बोलती हूं तो आप मानते हैं कि मुझे जानकारी नहीं होगी, ये मजाक आप पर है।
सुप्रिया श्रीनेत भी किया था ट्रोल
सोसशल मीडिया पर वायरल क्लिप को कई लोगों ने शेयर किया और कंगना का मजाक उड़ाया। इस लिस्ट कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत का नाम भी शामिल था। उन्होंने भी वीडियो शेयर किया था और इसके साथ लिखा था, ”सुभाष चंद्र बोस आजाद हिंदुस्तान के पहले प्रधानमंत्री थे। इन्हें हल्के में ना लें। बीजेपी शिरोमणियों की लिस्ट में ये आगे जाएंगी।”
उधर कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश इकाई के महासचिव रजनीश किमटा ने शुक्रवार को मंडी लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार कंगना रनौत को ऐसा एक भी काम बताने के लिए कहा जो उन्होंने इस निर्वाचन क्षेत्र के लिए किया है। किमटा ने कहा कि राजनीति धैर्य की मांग करती है और महज मंडी में रिश्तेदारों के रहने से रनौत चुनाव नहीं जीत सकतीं।
उन्होंने कहा कि रनौत ऐसा एक भी काम बताएं जो उन्होंने इस निर्वाचन क्षेत्र के लिए किया हो, जहां से वह चुनाव लड़ रही हैं। कांग्रेस नेता ने पूछा, ‘‘कंगना के नाम की घोषणा से क्या भाजपा के कार्यकर्ता खुश हैं? क्या प्रदेश (भाजपा) नेतृत्व ने उनका नाम सुझाया था या केंद्र ने उन्हें चुना है?’’ उन्होंने दावा किया कि भाजपा के अंदर ही उनका ‘‘विरोध’’ हो रहा है।
उन्होंने दावा किया कि कंगना ने कहा था कि लोक निर्माण कार्य मंत्री विक्रमादित्य सिंह मंडी से नहीं है। किमटा ने भाजपा नेताओं से क्षेत्र के बारे में अपना राजनीतिक ज्ञान बढ़ाने के लिए कहा। विक्रमादित्य, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभ्रद सिंह और प्रदेश कांग्रेस प्रमुख एवं मंडी से सांसद प्रतिभा सिंह के बेटे हैं। किमटा ने कहा, ‘‘विक्रमादित्य सिंह रामपुर विधानसभा क्षेत्र से हैं जो मंडी लोकसभा सीट के तहत आता है।’’ उन्होंने दावा किया कि अभिनेत्री से नेता बनी कंगना मंडी लोकसभा क्षेत्र में पड़ने वाले 17 विधानसभा क्षेत्रों से अवगत नहीं हैं।






