नई दिल्ली: मालदीव के साथ रिश्तों में आई खटास के बीच भारत ने फिर बड़ा दिल दिखाया है. पर्यटन के मोर्चे पर झटका खा चुके मालदीव के हाथ फैलाने पर इंडिया की ओर से उसके बजट में मदद की गई है. देश ने सहयोग का संदेश देते हुए वहां (मालदीव) के वित्त मंत्रालय की तरफ से जारी पांच करोड़ अमेरिकी डॉलर के सरकारी बॉण्ड की मियाद एक और साल के लिए बढ़ा दी है.
भारतीय उच्चायोग की ओर से इस बारे में सोमवार (13 मई, 2024) को जानकारी दी गई. आधिकारिक बयान में बताया गया कि भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने मालदीव के वित्त मंत्रालय की तरफ से जारी पांच करोड़ यूएस डॉलर के सरकारी बॉन्ड की मियाद एक और वर्ष के लिए बढ़ा दी है. बजट से जुड़े समर्थन हासिल करने के मालदीव सरकार के विशेष अनुरोध पर अवधि बढ़ाने का यह फैसला लिया गया है.
चीन परस्त हैं मोहम्मद मोइज्जू, फिर भी इंडिया…
मालदीव को भारत की ओर से इस आर्थिक मदद का निर्णय बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. दरअसल, चीन (जिससे भारत का फिलहाल एलएसी विवाद चल रहा है) का समर्थन करने वाले मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मोइज्जू के छह महीने पहले पदभार संभालने के बाद से दोनों देशों के रिश्तों में तनाव के बाद भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने यह फैसला लिया है.
मालदीव के विदेश मंत्री मूसा जमीर ने क्या कहा?
इंडिया से इस आर्थिक सहायता के बाद मालदीव की सरकार ने पड़ोसी देश को शुक्रिया अदा किया. वहां के विदेश मंत्री मूसा जमीर की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इससे जुड़े पोस्ट किया गया. उन्होंने लिखा- मैं पांच करोड़ यूएस डॉलर के सरकारी बॉन्ड के साथ मालदीव को बजट से जुड़ी अहम मदद देने के लिए विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर और भारत सरकार को धन्यवाद देता हूं. यह सद्भावना का एक सच्चा संकेत है, जो मालदीव और भारत के बीच लंबे समय की मित्रता का प्रतीक है.







