नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है. पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा नई दिल्ली विधानसभा सीट से AAP के अरविंद केजरीवाल के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे, करोल बाग से दुष्यंत गौतम, राजौरी गार्डन से मनजिंदर सिंह सिरसा, बिजवासन से कैलाश गहलोत, गांधी नगर से अरविंदर सिंह लवली चुनाव लड़ेंगे.
CM आतिशी के खिलाफ रमेश बिधूड़ी
विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा ने अपने पूर्व सांसदों को भी मैदान में उतारा है. मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ रमेश बिधूड़ी कालकाजी से चुनाव लड़ेंगे. आम आदमी पार्टी छोड़कर आए दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री कैलाश गहलोत को भाजपा ने बिजवासन सीट से प्रत्याशी बनाया है.
भारतीय जनता पार्टी ने आदर्श नगर सीट से राजकुमार भाटिया, बादली से दीपक चौधरी, रिठाला से कुलवंत राणा, नांगलोई जाट से मनोज शौकीन, मंगोलपुरी सीट से राजकुमार चौहान, रोहिणी से विजेंद्र गुप्ता, शालीमार बाग से रेखा गुप्ता, मॉडल टाउन से अशोक गोयल, करोल बाग से दुष्यंत कुमार गौतम, पटेल नगर से राजकुमार आनंद, राजौरी गार्डन से सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, जनकपुरी से आशीष सूद, बिजवासन सीट से कैलाश गहलोत को मैदान में उतारा है.
इनके अलावा बदरपुर में नारायण दत्त शर्मा, पटपड़गंज से रवींद्र सिंह नेगी, विश्वास नगर से ओम प्रकाश वर्मा, कृष्णा नगर से अनिल गोयल, गांधीनगर से अरविंदर सिंह लवली, सीमापुरी से कुमारी रिंकू, रोहतास नगर से जितेंद्र महाजन और घोंडा से अजय महावर को भाजपा ने प्रत्याशी बनाया है.
जंगपुरा से सरदार तरविंदर सिंह, मालवीय नगर से सतीश उपाध्याय, आरके पुरम सीट से अनिल शर्मा, महरौली से गजेंद्र यादव, छतरपुर से करतार सिंह तंवर, अंबेडकर नगर से खुशीराम चुनार उम्मीदवार होंगे.
ये समय बदलाव के अलाव का है- प्रवेश साहिब सिंह वर्मा
नयी दिल्ली से बीजेपी कैंडिडेट प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने प्रत्याशियों के ऐलान के बाद कहा कि ये समय बदलाव के अलाव का है…हमारी सरकार बनेगी तो आरोप प्रत्यारोप की राजनीति नहीं बल्कि विकास की राजनीति होगी. उन्होंने कहा कि लम्बे समय तक मैंने संगठन में काम किया, मुझे अनुभव है..मैंने लाड़ली बहन स्कीम रखा. प्लॉट्स का मालिकाना हक़ दिलाना मेरा लक्ष्य है.
केजरीवाल पर निशाना साधते हुए प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने कहा, “केजरीवाल ने पहले वादा किया की बंगला नहीं लूंगा, गाडी नहीं लूंगा, फिर 100 करोड़ का रेनोवेशन बंगले में करवाया. आज दिल्ली की जनता को पानी की समस्या है. लोग दवाई मांग रहे थी कोविड के दौरान मगर ये एक बोतल के साथ एक बोतल फ्री दे रहे थे. हम भारत सरकार की सभी योजनाओं को दिल्ली में लागू करेंगे.”







