नई दिल्ली। दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर CAG की रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। सर्जरी के लिए लंबा इंतजार, बंद ऑपरेशन थियेटर, मरीजों से परामर्श के लिए कम समय, ये उन कई मुद्दों में से हैं, जिनका उल्लेख दिल्ली सरकार के सबसे बड़े अस्पताल लोक नायक अस्पताल को लेकर किया गया है। नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) ने राजधानी की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली पर शुक्रवार को विधानसभा में पेश अपनी रिपोर्ट में यह बात कही है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल (आरजीएसएसएच) और जनकपुरी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल जैसे दिल्ली सरकार के अन्य प्रमुख अस्पतालों में कर्मचारियों की कमी के कारण कई मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर बेकार पड़े हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि लोक नायक में सर्जरी और बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी विभागों में प्रमुख सर्जरी के लिए औसत वेटिंग समय 2-3 महीने और 6-8 महीने था।
सर्जरी विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 2016-17 से 2019-20 (लेखा परीक्षा अवधि) तक प्रति माह की गई प्रमुख सर्जरी की औसत संख्या 216 से 281 के बीच थी और औसत प्रतीक्षा समय दो से तीन महीने था। बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी विभाग में इसी अवधि के दौरान प्रति माह की गई प्रमुख सर्जरी की औसत संख्या 86 से 95 के बीच थी, जबकि प्रति माह की गई छोटी सर्जरी की औसत संख्या 85 से 375 के बीच थी।







