विकाश शुक्ला
उमरिया (मध्य प्रदेश)। जिले के मानपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत कछराटोला के ग्राम बिजौरा में विकास के नाम पर खुलेआम मनमानी का खेल खेला जा रहा है। गांव में पहले से बनी सही-सलामत सीसी सड़क को बैकहो लोडर मशीन से उखाड़ा जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

सही सड़क को तोड़कर प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क विभाग उमरिया द्वारा प्रधानमंत्री सड़क बनाने का दावा किया जा रहा है। नई सड़क कहां से कहां तक और कितनी स्वीकृत हुई है, इसकी भी जानकारी ग्रामीणों को और संबंधित पँचायत के जिम्मेदारों को नहीं है। इसे लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं कि जब सड़क सही थी तो उसे तोड़ने की जरूरत किसे और क्यों पड़ी ?

PMGSY विभाग के सह पर ठेकेदार की मनमानी
ग्रामीणों का आरोप है कि जिस सड़क को तोड़ा जा रहा है, वह पूरी तरह उपयोग योग्य थी, न उसमें गड्ढे थे और न ही आवागमन में कोई परेशानी। बावजूद इसके सड़क को तोड़कर नई सड़क बनाने की योजना पर काम शुरू कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार उक्त सड़क प्रधानमंत्री सड़क योजना विभाग के द्वारा बनाया जाना प्रस्तावित है। लेकिन पीएमजीएसवाय विभाग द्वारा इसकी जानकारी संबंधित पंचायत को नहीं दी गई और ठेकेदार द्वारा जेसीबी मशीन लगाकर अच्छी खासी सड़क को उखाड़ा जा रहा है।
लोगों का आरोप है कि जब सड़क ठीक थी तो उसे तोड़ने की ज़रूरत आखिर क्यों पड़ी ? ठीक-ठाक निर्माण को तोड़कर नया निर्माण दिखाने की तैयारी की जा रही है, जिसे ग्रामीण सरकारी धन की खुली बर्बादी बता रहे हैं।
कार्यवाई की मांग
सूत्रों के मुताबिक़ यह पूरा काम ग्राम पंचायत सचिव और सरपंच की मिलीभगत से प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क विभाग उमरिया के द्वारा कराया जा रहा है। बिना ग्रामसभा की स्पष्ट सहमति और बिना किसी ठोस कारण के सड़क उखाड़ना कई सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि यही पैसा गांव की खराब सड़कों, नालियों और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर खर्च किया जाता, तो गांव का वास्तविक विकास हो सकता था। स्थानीय लोगों ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में कार्रवाई करता है या फिर विकास के नाम पर तोड़फोड़ का यह खेल यूं ही चलता रहेगा।
इन्होंने कहा –
- जनपद पंचायत सीईओ राजेन्द त्रिपाठी ने फोन रिसीव नहीं किया।
- मुझे आज जानकारी मिली है, मेरे द्वारा सचिव को बताया गया है, वे आपत्ति करने जिला मुख्यालय गए हैं। – मनोज गुप्ता (सरपंच पति) कछराटोला
- हमारी सड़क सही है, आगे जो पुरानी सड़क 10 से12 वर्ष पहले बनी है उसे तोड़कर प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क विभाग द्वारा उखाड़ा जा रहा है। वे बेहतर निर्माण करेंगे, जिससे गांव का विकास होगा। – राधे साहू (सचिव) कछराटोला
- मामला मेरे संज्ञान में आया है, मैं तत्काल मौका स्थल पर जाकर सरपंच, सचिव एवं ग्रामवासियों से मौका पंचनामा लिया हूँ। रोड भारत सरकार द्वारा स्वीकृत की गई है, जिसे हम बना रहे हैं। – नीरज द्विवेदी (उपयंत्री), प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना उमरिया







