नई दिल्ली। यात्रियों की सुविधा एवं परिचालन व्यवस्था के मद्देनजर रेलवे द्वारा कई महत्वपूर्ण ट्रेनों की संख्या तथा उनकी श्रेणी में संशोधन करने का निर्णय लिया गया है। वर्तमान में सुपरफास्ट श्रेणी में चल रही इन ट्रेनों को अब मेल/एक्सप्रेस श्रेणी में परिवर्तित किया जाएगा। यह परिवर्तन अप्रैल 2026 से चरणबद्ध तरीके से लागू होगा।
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार हावड़ा-देहरादून, हावड़ा-जम्मू तवी, हावड़ा-प्रयागराज रामबाग तथा हावड़ा-कालका मार्ग पर संचालित कुछ ट्रेनों की संख्या बदली जाएगी और उनकी श्रेणी सुपरफास्ट से मेल/एक्सप्रेस कर दी जाएगी।
रेलवे ने जारी की पूरी लिस्ट
- इसके तहत ट्रेन संख्या 12327 हावड़ा-देहरादून को संशोधित कर 13035 किया जाएगा, जिसका प्रभाव 14 अप्रैल 2026 से लागू होगा।
- इसी प्रकार ट्रेन संख्या 12328 देहरादून-हावड़ा को 13036 किया जाएगा, जो 15 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगी।
- इसके अलावा ट्रेन संख्या 12369 हावड़ा-देहरादून को 13037 (13 अप्रैल 2026 से), तथा 12370 देहरादून-हावड़ा को 13038 (14 अप्रैल 2026 से) किया जाएगा।
- वहीं, ट्रेन संख्या 12331 हावड़ा-जम्मू तवी को 13041 (14 अप्रैल 2026 से) और 12332 जम्मू तवी-हावड़ा को 13042 (16 अप्रैल 2026 से) में परिवर्तित किया जाएगा।
- इसी क्रम में ट्रेन संख्या 12333 हावड़ा-प्रयागराज रामबाग को 13047 (13 अप्रैल 2026 से) तथा 12334 प्रयागराज रामबाग-हावड़ा को 13048 (14 अप्रैल 2026 से) किया जाएगा।
- इसके साथ ही 12311 हावड़ा-कालका को 13051 (13 अप्रैल 2026 से) तथा 12312 कालका-हावड़ा को 13052 (15 अप्रैल 2026 से) संशोधित किया जाएगा।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा से पूर्व अपनी ट्रेन की संशोधित संख्या की जानकारी अवश्य सुनिश्चित कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
इस संबंध में जानकारी देते हुए वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक धनबाद एवं वरीय जनसंपर्क अधिकारी मोहम्मद इकबाल ने बताया कि ट्रेनों की संख्या एवं श्रेणी में किया गया यह परिवर्तन निर्धारित तिथियों से लागू कर दिया जाएगा और यात्रियों को उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनानी चाहिए।







