नई दिल्ली: भारतीय नौसेना ने हिंद महासागर में ‘आईओएस सागर’ (IONS SAGAR) के दूसरे संस्करण का शंखनाद कर दिया है. यह मित्र राष्ट्रों के साथ समंदर की लहरों पर एक मजबूत साझेदारी की नई इबारत है. इस विशेष कार्यक्रम का सबसे बड़ा मकसद पड़ोसी और मित्र देशों के नौसैनिकों को भारतीय युद्धपोतों पर ट्रेनिंग देना है.
भारतीय नौसेना के मुताबिक, 16 मार्च से शुरू हुई इस पहल में दुनिया के 16 देशों के जांबाज हिस्सा ले रहे हैं. कोच्चि के ट्रेनिंग सेंटर्स से शुरू होकर यह सफर समंदर की गहराइयों तक जाएगा. इसमें प्रोफेशनल ट्रेनिंग के साथ-साथ लाइव ऑपरेशंस का अनुभव भी साझा किया जा रहा है. भारत इसके जरिए दुनिया को यह संदेश दे रहा है कि हिंद महासागर की सुरक्षा के लिए वह पूरी तरह तैयार है.
कोच्चि से शुरू हुआ मिशन, कैसे बदल जाएगी समुद्री सुरक्षा की तस्वीर?
इस मिशन की शुरुआत केरल के कोच्चि स्थित नौसेना के हाई-टेक ट्रेनिंग सेंटर्स से हुई है. यहां विदेशी नौसैनिकों को समुद्री कौशल और सुरक्षा की बारीकियां सिखाई जा रही हैं. प्रोफेशनल सेशन खत्म होने के बाद सभी प्रतिभागी भारतीय नौसेना के जहाज पर तैनात होंगे. वे समंदर के बीच में होने वाले जटिल ऑपरेशंस को लाइव देखेंगे और उनमें हिस्सा लेंगे. इस दौरान भारतीय नौसेना अपनी बेस्ट प्रैक्टिस और तकनीक को मित्र देशों के साथ साझा करेगी.
भारत ने इसी साल फरवरी में ‘इंडियन ओशन नेवल सिम्पोजियम’ की कमान संभाली है. इसी के तहत 16 देशों को एक मंच पर लाया गया है. यह पहल भारत सरकार के ‘सागर’ (Security and Growth for All in the Region) विजन का हिस्सा है. जब भारतीय जहाज अलग-अलग देशों के बंदरगाहों पर रुकेंगे, तो वहां की लोकल एजेंसियों के साथ सीधा संवाद होगा. इससे न सिर्फ आपसी रिश्ते मजबूत होंगे, बल्कि समंदर में आने वाली चुनौतियों से निपटने की साझा समझ भी विकसित होगी.
विदेशी नौसैनिकों को भारतीय जहाजों पर क्यों दी जा रही है ट्रेनिंग?
नौसेना का मानना है कि साझा चुनौतियों से अकेले नहीं लड़ा जा सकता है. इसीलिए इस प्रोग्राम में अलग-अलग देशों के नौसैनिकों के बीच तालमेल और सहयोग पर फोकस है. जब 16 देशों के नौसैनिक एक ही जहाज पर काम करेंगे, तो वे एक-दूसरे की कार्यप्रणाली को बेहतर समझेंगे. यह पहल हिंद महासागर क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने की दिशा में भारत की सक्रिय भूमिका को और भी ज्यादा मजबूत बनाती है.







