नई दिल्ली। ईरान और अमेरिका इजरायल के बीच छोड़ी जंग से पश्चिम एशिया में बिगड़ते हालातों के बीच तेहरान ने भारत को बड़ा आश्वासन दिया है। भारत में मौजूद ईरानी दूतावास ने भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर आश्वस्त करने के लिए गुरुवार को एक संदेश जारी किया है। इस अहम संदेश में ईरानी दूतावास ने कहा है कि भारतीय नागरिक सुरक्षित हाथों में हैं और चिंता की कोई बात नहीं है।
दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “हमारे भारतीय दोस्त सुरक्षित हाथों में हैं, चिंता की कोई बात नहीं है।” यह बयान ऐसे समय में आया है जब क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ रहा है। दोनों पक्षों की ओर से युद्धविराम के कोई संकेत नहीं मिल रहे हैं, जिससे स्थिति बिगड़ती जा रही है। युद्ध के बीच कई भारतीय ईरान और आस पास के खाड़ी देशों में फंसे हुए हैं। अब तक कई भारतीय अपनी जान भी गंवा चुके हैं।
विदेश मंत्रालय ने क्या बताया?
इससे पहले भारतीय विदेश मंत्रालय ने बीते बुधवार को एक बयान में बताया कि पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद से अब तक 1,150 से अधिक भारतीय नागरिक आर्मेनिया और अजरबैजान की जमीनी सीमा चौकियों के रास्ते ईरान से बाहर आए हैं। मंत्रालय ने यह भी बताया कि मंगलवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में हुए हमलों में तीन भारतीय घायल हो गए।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ”तेहरान स्थित हमारे दूतावास ने 818 छात्रों सहित 1,171 भारतीय नागरिकों को ईरान से आर्मेनिया और अजरबैजान की सीमाओं के रास्ते बाहर निकलने में सहायता प्रदान की है। वहां से हमारे नागरिक वापस भारत आ रहे हैं।” जायसवाल ने बताया कि 977 भारतीय नागरिक ईरान से आर्मेनिया और 194 अजरबैजान में दाखिल हुए। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 28 फरवरी को जब संघर्ष शुरू हुआ तब लगभग 9,000 भारतीय ईरान में मौजूद थे।
कई भारतीयों की गई है जान
बता दें कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष में अब तक आठ भारतीय नागरिक मारे जा चुके हैं। इस सप्ताह कुवैत में बिजली और पानी संयंत्र पर ईरान के हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई थी। वहीं विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव (खाड़ी) असीम महाजन ने बताया कि मंगलवार को दुबई में हुए हमलों में तीन भारतीय नागरिक घायल हो गए। उन्होंने बताया, ”उन्हें स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया और उनमें से एक को छुट्टी दे दी गई।”







