अहमदाबाद: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का फाइनल मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच आज यानी 31 मई को अहमदाबाद में खेला जाएगा। दोनों ही टीमें अपना दूसरा आईपीएल टाइटल जीतने में पूरी जान लगा देंगी। बेंगलुरु और गुजरात के बीच एक टक्कर के मुकाबले की उम्मीद है। आइये जानते हैं इस बड़े फाइनल में अहमदाबाद की पिच कैसा खेल सकती है।
कैसा खेलेगी फाइनल में अहमदाबाद की पिच?
आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला आरसीबी और गुजरात टाइटंस के बीच नरेंद्र मोदी स्टेडियम की 6 नंबर पिच (मिक्स्ड सॉयल पिच) पर खेला जाएगा। बता दें कि यह पिच हाई स्कोरिंग मुकाबलों के लिए जानी जाती है। इसी पिच पर 2026 का टी20 वर्ल्ड कप फाइनल खेला गया था, जिसमें भारत ने 255 रन न्यूजीलैंड के खिलाफ बोर्ड पर ठोक दिए थे। ऐसे में आईपीएल 2026 के खिताबी मुकाबले में भी रनों की बरसात हो सकती है।
बता दें कि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अब तक कुल 44 आईपीएल मुकाबले खेले गए हैं। इसमें से पहले बैटिंग करने वाली टीम ने 22 तो दूसरी बैटिंग करने वाली टीम ने भी 22 मुकाबले जीते हैं।
कैसा रहेगा अहमदाबाद में मौसम?
अहमदाबाद का मौसम आज यानी 31 मई को बिल्कुल साफ रहने वाला है। बारिश के कोई आसार नहीं है। ऐसे में फैंस की बिना किसी रुकावट के पूरे 40 ओवर एन्जॉय करने की उम्मीद है। आसमान साफ रहने का अनुमान है। रविवार को अहमदाबाद में अधिकतक तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक जाने की उम्मीद है जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक जाने की उम्मीद है।







