नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के गोविंदपुरी थाना क्षेत्र के तुग़लक़ाबाद एक्सटेंशन में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां एक पांच मंज़िला रिहायशी इमारत में अचानक आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।
एग्जीक्यूटिव एडिटर प्रकाश मेहरा ने दिल्ली पुलिस के हवाले से बताया कि “हादसे में मारे गए लोगों में 22 साल का एक युवक और दो महिलाएं शामिल हैं। वहीं, आग में फंसे अन्य लोगों में से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिनका इलाज एम्स और सफदरजंग अस्पताल में जारी है।”
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आग लगने की सूचना तड़के करीब 2:24 बजे PCR कॉल के जरिए मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा और राहत कार्य शुरू किया गया।
बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि “आग इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी। आग तेजी से फैल गई और पास में खड़े दोपहिया वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद पूरा भवन घने धुएं से भर गया, जिससे लोग बाहर नहीं निकल सके।
दमकल कर्मियों और पुलिस की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर इमारत में फंसे कुल 8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, इलाज के दौरान तीन लोगों को बचाया नहीं जा सका।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस हादसे में सबसे बड़ा खतरा आग से ज्यादा धुआं था, जिसने लोगों को सांस लेने में गंभीर परेशानी में डाल दिया। दो अन्य घायलों की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में मदद की। पुलिस और फायर विभाग आग लगने के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जांच कर रहे हैं।







