नई दिल्ली (स्पेशल डेस्क): अमेरिका ने संगठित अंतरराष्ट्रीय अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग समेत भारत से जुड़े तीन कथित आपराधिक गिरोहों पर शिकंजा कसा है। अमेरिकी संघीय अभियोजकों ने बताया कि ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ (Operation Hard Ball) के तहत अमेरिका, कनाडा और यूरोप में 24 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में कुल 37 लोगों के खिलाफ तीन आरोपपत्र (इंडिक्टमेंट) दाखिल किए गए हैं।
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, आरोपितों पर टार्गेटेड किलिंग, उगाही, मादक पदार्थों की तस्करी और हिंसक आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं। यह कार्रवाई कई वर्षों तक चली जांच का परिणाम बताई गई है।
हरदीप सिंह निज्जर हत्या मामले से जुड़ा आरोप
अमेरिकी अभियोजकों ने आरोप लगाया है कि “लॉरेंस बिश्नोई और सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बरार ने वर्ष 2023 में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सरे शहर में सिख नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की साजिश रची थी। 45 वर्षीय निज्जर की जून 2023 में एक गुरुद्वारे की पार्किंग में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वे खालिस्तान समर्थक नेता के रूप में जाने जाते थे। अभियोजकों के अनुसार, गोल्डी बरार अभी भी फरार है, जबकि लॉरेंस बिश्नोई वर्ष 2015 से भारत की जेल में बंद है।
अमेरिकी अधिकारियों का बयान
लॉस एंजिल्स के संघीय अभियोजकों ने कहा कि जांच का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय उन आपराधिक नेटवर्कों को निशाना बनाना था, जो हिंसा, नशीले पदार्थों की तस्करी और उगाही जैसी गतिविधियों में शामिल हैं। अमेरिकी अटॉर्नी कार्यालय के प्रथम सहायक बिल एसायली ने कहा, “जो अंतरराष्ट्रीय अपराधी गिरोह डर, नशीले पदार्थ और हिंसा फैलाते हैं, उन्हें न्याय की पूरी ताकत और संघीय सरकार की पूरी शक्ति का सामना करना पड़ेगा। इन गुंडों के लिए कोई सुरक्षित जगह नहीं है।”
अभियोजकों का आरोप है कि “बिश्नोई गैंग के सदस्यों ने धार्मिक और राजनीतिक नेताओं को हिंसा का निशाना बनाने के साथ-साथ समुदाय के लोगों से उगाही करने की भी कोशिश की। जांच में यह भी दावा किया गया है कि कैलिफोर्निया में एक व्यक्ति से 50 लाख डॉलर की उगाही की मांग की गई थी।”
बड़ी मात्रा में ड्रग्स और हथियार बरामद
जांच के दौरान कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ और अन्य सामान बरामद किया। अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई में लगभग 1,000 किलोग्राम कोकीन। 1 किलोग्राम हेरोइन। करीब 40,000 डॉलर नकद। लगभग एक दर्जन हथियार। जब्त किए गए। इस संयुक्त अभियान में एफबीआई (FBI), लॉस एंजिल्स पुलिस विभाग (LAPD), रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) तथा अमेरिकी कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन (CBP) सहित कई एजेंसियों ने भाग लिया।
भारत और कनाडा के संबंधों में गंभीर तनाव
हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद भारत और कनाडा के संबंधों में गंभीर तनाव पैदा हो गया था। वर्ष 2024 में इस हत्या के मामले में चार भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया गया था। वहीं, कनाडा ने 2024 में बिश्नोई गैंग को आतंकवादी संगठन घोषित करते हुए उसकी संपत्तियां जब्त करने और वित्तीय गतिविधियों पर रोक लगाने का अधिकार अपने अधिकारियों को दिया था।







