नई दिल्ली। अगर आप आयकर विभाग के ई-फाइलिंग पोर्टल पर रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर या आधार से जुड़े मोबाइल नंबर का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं, तब भी अपने अकाउंट का पासवर्ड रीसेट कर सकते हैं. आयकर विभाग इसके लिए डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट, नेट बैंकिंग और ईमेल के जरिए अनुरोध भेजने जैसे कई विकल्प उपलब्ध कराता है.
DSC या नेट बैंकिंग से करें पासवर्ड रीसेट
टैक्समैन के वाइस प्रेसिडेंट और चार्टर्ड अकाउंटेंट नवीन वाधवा के मुताबिक, अगर आपके पास रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर नहीं है, तो आप वैध डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट की मदद से पासवर्ड रीसेट कर सकते हैं. इसके लिए DSC का ई-फाइलिंग पोर्टल पर पहले से रजिस्टर्ड होना जरूरी नहीं है. लेकिन, उसका आपके PAN से लिंक होना अनिवार्य है. इसके अलावा, नेट बैंकिंग सुविधा का उपयोग करके भी सीधे ई-फाइलिंग पोर्टल में लॉगिन किया जा सकता है.
DSC और नेट बैंकिंग नहीं है तो क्या करें?
यदि आपके पास DSC या नेट बैंकिंग की सुविधा भी नहीं है, तो आप [efilingwebmanager@incometax.gov.in](mailto:efilingwebmanager@incometax.gov.in) पर ईमेल भेजकर पासवर्ड रीसेट करने का अनुरोध कर सकते हैं. ईमेल के साथ ये डाक्यूमेंट्स अटैच करना जरूरी होगा:
PAN कार्ड की स्कैन कॉपी
- पहचान पत्र की स्कैन PDF कॉपी (पासपोर्ट, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड या फोटो सहित बैंक पासबुक)
- पते के प्रमाण की स्कैन PDF कॉपी
- पासवर्ड रीसेट करने का कारण बताते हुए हस्ताक्षरित आवेदन पत्र
इन बातों का रखें ध्यान
सभी दस्तावेज ZIP फॉर्मेट में ही भेजें, अन्यथा अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा. सभी डाक्यूमेंट्स पर करदाता के सेल्फ-अटेस्टेड हस्ताक्षर होने चाहिए. पासवर्ड रीसेट का अनुरोध उसी रजिस्टर्ड ईमेल आईडी से भेजें, जो ई-फाइलिंग प्रोफाइल में दर्ज है. डाक्यूमेंट्स का सत्यापन होने के बाद पासवर्ड रीसेट लिंक उसी ईमेल आईडी पर भेज दिया जाएगा.
ऐसे रीसेट करें ई-फाइलिंग पोर्टल का पासवर्ड
- आयकर ई-फाइलिंग पोर्टल पर जाकर Login पर क्लिक करें
- अपना User ID दर्ज करके Continue पर क्लिक करें
- लॉगिन पेज पर Password विकल्प चुनें और Forgot Password पर क्लिक करें
- दोबारा User ID दर्ज कर Continue करें
- Select an Option to Reset Password पेज पर अपनी सुविधा के अनुसार पासवर्ड रीसेट का तरीका चुनें







