नई दिल्ली। दिल्ली सरकार लोगों को उनके घरों के नजदीक बेहतर गुणवत्तापूर्ण प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच उपलब्ध करने के मकसद से 45 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का उद्घाटन किया. उद्घाटन के बाद एक पोस्ट में रेखा गुप्ता ने कहा कि आज शकूरपुर से 45 नए आयुष्मान जन आरोग्य मंदिरों का उद्घाटन किया. हमारा संकल्प है कि हर दिल्लीवासी को अपने घर और कॉलोनी के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलें.
गुप्ता ने कहा कि इसी दिशा में आज दिल्ली में 415 से अधिक आयुष्मान जन आरोग्य मंदिर कार्य कर रहे हैं. जल्द ही 1,100 से अधिक आयुष्मान जन आरोग्य मंदिरों का लक्ष्य भी पूरा होगा. इन केंद्रों पर ओपीडी, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, आवश्यक दवाइयां और 80 प्रकार की निःशुल्क जांच की सुविधा उपलब्ध है.
इस अवसर पर विधायक तिलक राम गुप्ता, निगम पार्षद किशन लाल, जिलाध्यक्ष अजय खटानासहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे. एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ पहल के सातवें चरण के तहत इन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को खोला गया.
स्वास्थ्य मंत्री ने पंकज सिंह ने बीते दिनों बताया कि था सरकार ने अब तक 370 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों खोले हैं. बयान के मुताबिक, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में कई तरह की स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही है, जिनमें मां और बच्चे की सेहत की बेहतर देखभाल, टीकाकरण, सामान्य बीमारियों का इलाज, ज़रूरी दवाएं, स्वास्थ्य की जांच-पड़ताल आदि शामिल हैं.
सिंह ने कहा था, ’45 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की शुरुआत राजधानी दिल्ली के हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के हमारे विजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है.’







