नई दिल्ली। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार (17 अगस्त) को 65 नेताओं की नई टीम की घोषणा की. दिलचस्प है कि इस टीम में स्मृति ईरानी और राम माधव जैसे नेताओं की संगठन में वापसी हुई है. 13 नाम हैं, जिन्हें बीजेपी ने रिपीट किया है. बी.एल. संतोष संगठन महामंत्री पद पर बने हुए हैं.
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, बैजयंत जय पांडा और रेखा वर्मा को उपाध्यक्ष के पद पर बनाए रखा गया है. विनोद तावड़े और सुनील बंसल ही वे दो राष्ट्रीय महासचिव हैं जिन्हें BJP ने अपनी नई टीम में बरकरार रखा है. इसके साथ ही अनिल बलूनी, सौदान सिंह, तारिक मंसूर, शिवप्रकाश, अनिल एंटनी, तरुण चुग और लाल सिंह आर्य को रिपीट किया गया है.
वो बड़े चेहरे जिनकी हुई छुट्टी
वहीं सोशल मीडिया संयोजक अमित मालवीय, अब्दुल्ला कुट्टी, लक्ष्मीकांत वाजपेयी और राधामोहन दास अग्रवाल की छुट्टी हो गई है. लिस्ट में 13 महिलाओं का नाम शामिल है. बीजेपी की पूरी लिस्ट
चुनावी राज्यों से कितने चेहरे?
बीजेपी ने लिस्ट में चुनावी राज्यों का खास ख्याल रखा है. उत्तर प्रदेश से आठ, उत्तराखंड से तीन और पंजाब से दो चेहरों को जगह दी गई है.
उत्तर प्रदेश
- राष्ट्रीय उपाध्यक्ष- रेखा वर्मा और तारीक मंसूर
- राष्ट्रीय महासचिव- स्मृति ईरानी और हरीश द्वीवेदी
- राष्ट्रीय सचिव- भोला सिंह और संगीता यादव
- ओबीसी मौर्चा का अध्यक्ष- अमरपाल मौर्य
- अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष- बासित अली
उत्तराखंड
- तीरथ सिंह रावत- राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
- महेंद्र पांडे- राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री
- अनिल बलूनी – मीडिया संयोजक
पंजाब
- मनप्रीत सिंह बादल- राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
- तरुण चुघ- राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी
बड़े चेहरों में कौन-कौन?
नई टीम में दिग्गज नेताओं को शामिल किया गया है जो मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं. स्मृति ईरानी मोदी सरकार में मंत्री रह चुकी हैं. वहीं वसुंधरा राजे, तीरथ सिंह रावत और बिप्लब देव सीएम रह चुके हैं. वहीं वरिष्ठ नेता वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल कोषाध्यक्ष बनाए गए हैं.
कांग्रेस-आप के पूर्व नेताओं को जगह
बीजेपी ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) से आए कई नेताओं को टीम नवीन में जगह दी है. मनप्रीत सिंह बादल, अनिल एंटनी, रोहन गुप्ता और संदीप पाठक को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है.
दो मुस्लिम चेहरे को जगह
कुंवर बासित अली अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष बनाए गए हैं. अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है. इसके अलावा 1 सिख, 2 ईसाई, 1 जैन और 1 पारसी सदस्य हैं.
पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर से चार आदिवासी नेताओं को जगह मिली है, जिनमें से दो महिलाएं हैं. इसके अलावा, अनुसूचित जातियों (SC) का प्रतिनिधित्व उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और मध्य प्रदेश के तीन सदस्य करते हैं.
23 राज्यों के नेताओं को जगह
- नई नियुक्तियों में 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को प्रतिनिधित्व दिया गया है. लोकसभा और राज्यसभा के 18 जनप्रतिनिधियों को टीम में शामिल किया गया है.
- नई टीम में 2 प्रोफेसर, 8 पीएचडी धारक और 4 प्रैक्टिसिंग डॉक्टर हैं. इसके अलावा इंजीनियर, चार्टर्ड अकाउंटेंट और वकील जैसे पेशेवर भी टीम का हिस्सा हैं.







