रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) तथा झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की परीक्षाओं में गड़बड़ियां सामने आने के बाद राज्य सरकार परीक्षा प्रक्रियाओं में व्यापक सुधार की दिशा में काम कर रही है। दोनों आयोगों की कार्य प्रणाली में सुधार के लिए विकास आयुक्त की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय कमेटी गठित की गई है, जिनमें कार्मिक एवं वित्त सचिव को भी सदस्य के रूप में सम्मिलित किया गया है।
यह कमेटी न केवल आयोगों की कार्य प्रणाली में सुधार को लेकर बल्कि आयोग के पदाधिकारियों, कर्मियों की सेवाशर्त को लेकर भी अपना सुझाव सरकार को देगी। इसमें आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्यों की नियुक्ति एवं सेवाशर्त भी सम्मिलित हैं। इधर, राज्य सरकार ने विभिन्न परीक्षाओं की नियमावलियों की त्रुटियों को दूर करने के लिए उनमें बदलाव के निर्देश दिए हैं।
जेपीएससी एवं जेएसएससी में कई नियुक्तियां संबंधित नियमावलियों में त्रुटि के कारण स्थगित या रद होती रही हैं। कई मामले कोर्ट तक पहुंच जाते हैं। बाद में कोर्ट के हस्तक्षेप तथा आदेश पर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होती है।
इसे देखते हुए ठोस नियमावलियों के गठन पर जोर दिया जा रहा है। परीक्षा प्रक्रियाओं में सुधार के निर्णय के बाद भी विभागों को नियुक्ति नियमावलियों में बदलाव करना होगा।
सीबीटी मोड तथा कई चरणों में परीक्षा पर जोर
पेपर लीक जैसी संभावनाओं को खत्म करने के लिए राज्य सरकार अधिसंख्य परीक्षाएं सीबीटी मोड अर्थात कंप्यूटर आधारित आयोजित करने पर विचार कर रही है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने इसे लेकर प्रस्ताव भी तैयार किया है।
साथ ही प्रारंभिक परीक्षा कई चरणों में आयोजित करने पर भी विचार किया जा रहा है। इससे एक ही दिन परीक्षा संपन्न कराने का बोझ कम होगा। साथ ही पेपर लीक की संभावना को कम किया जा सकेगा।
इन सभी प्रक्रियाओं के लिए यह माह काफी महत्वपूर्ण होगा। संभावना जताई जा रही है कि सितंबर माह में आयोगों और परीक्षा प्रक्रियाओं में सुधार को लेकर आवश्यक निर्णय ले लिया जाएगा।
23,610 पदों पर होनी है नियुक्ति
जेपीएससी और जेएसएससी के माध्यम से इस वर्ष 23,610 पदों पर नियुक्ति होनी है। इनमें 1,645 पदों पर नियुक्ति जेपीएससी तथा 21,965 पदों पर नियुक्ति जेएसएससी के माध्यम से होनी है। इनमें इन दोनों आयोगों द्वारा विज्ञापित पदों के अलावा विभिन्न विभागों से भेजी गई वैसी अधियाचनाएं भी सम्मिलित हैं, जिनका अभी तक विज्ञापन प्रकाशित नहीं किया गया है।
जेपीएससी में 798 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया चल रही थी, जिनपर या तो रोक लगा दी गई है या स्थगित कर दी गई है। वहीं, 847 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन प्रकाशित किया जाना है। इसी तरह, जेएसएससी में 20,206 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है। वहीं, 1,759 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन प्रकाशित किया जाना है।







