नई दिल्ली। बॉलीवुड से एक बार फिर स्त्री टाइप हॉरर फिल्म आ रही है. इस फिल्म का नाम नई नवेली है. अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और कलर येलो ने अपनी जल्द ही रिलीज होने वाली थिएट्रिकल फिल्म नई नवेली का आज आधिकारिक टीजर जारी कर दिया है. फिल्म में फैमिली ड्रामा, ह्यूमर, फैंटेसी और एक्शन का मजेदार मेल मिलेगा. यामी गौतम धर इस फिल्म में मुख्य भूमिका में नजर आने वाली हैं. चलिए जानते हैं आखिर कैसा है नई नवेली का टीजर.
टीजर में एक साधारण परिवार दिखाई देता है, लेकिन कहानी में बड़ा ट्विस्ट आता है, जब जीजा एक चौंकाने वाला दावा करते हुए कहता है कि ‘भाभी डायन है’. इसके बाद, अजीब घटनाओं का सिलसिला शुरू होता है, जिसमें कई अजीब किरदार और हैरान कर देने वाली घटनाएं देखने को मिलती हैं. यह सब होते हुए, यामी गौतम धर एक ऐसे अवतार में दिखती हैं, जिसमें वे पहले कभी नहीं देखी गई हैं. ऐसे में टीजर सिर्फ एक सवाल छोड़ता है कि आखिर इस परिवार में क्या हो रहा है?
दुनिया में जैसा जो दिखता है, वैसा होता नहीं है, ऐसे में एक हैरान करने वाला आरोप घटनाओं का ऐसा सिलसिला शुरू कर देता है, जिसकी किसी को उम्मीद नहीं होती. इस फिल्म की कहानी को हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है, जबकि इसका निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है. फिल्म का म्यूजिक जी. वी. प्रकाश कुमार ने बनाया है. वहीं, आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा ने इस फिल्म को प्रोड्यूस किया है. बता दें कि फिल्म 16 अक्टूबर 2026 को पूरे भारत में रिलीज होने के लिए तैयार है.
फिल्म में यामी गौतम धर लीड रोल में हैं. इस फैमिली एंटरटेनर में आदिनाथ एम. कोठारे, अनुराग ठाकुर, सुनीता राजवार, मीता वशिष्ठ, आदित्य कुलश्रेष्ठ, सुस्मिता मुखर्जी, सोनल झा, सुनील सिन्हा, प्रतीक पचौरी, अक्षत सिंह, बबीता पांडे, अजय पाल और नीरज सिंह जैसे शानदार कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं.
नई नवेली टीजर पर यूजर्स रिएक्शन
यामी गौतम की नई नवेली का टीजर यूजर्स को श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की हॉरर कॉमेडी ड्रामा फिल्म स्त्री की याद दिला रहा है. यामी गौतम का नई नवेली दुल्हन की लाल साड़ी में हवा में उड़ना, वैसा ही है, जैसा फिल्म स्त्री में देखा गया था. हालांकि कई यूजर्स ने फिल्म को सुपरहिट होने की बात कही है.







