नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने तीन दिन चलने वाले ब्रिक्स समिट के बीच टेक्नॉलजी से जुड़े काम करने वाले सरकारी अधिकारियों और अनुबंध पर काम करने वाले कर्मचारियों के लिए साइबर सिक्योरिटी एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में संभावित साइबर अटैक, फिशिंग की कोशिशों और गलत जानकारी फैलाने वाले कैंपेन को लेकर सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, एडवाइजरी दिल्ली पुलिस हेडक्वार्टर की ओर से जारी की गई है जिसपर एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस (आईएफएसओ) संजय भाटिया ने हस्ताक्षर किए हैं। इस एडवाइजरी में सरकारी विभाग में इन्फॉर्मेशन टेक्नॉलजी के बड़े स्तर पर इस्तेमाल और राष्ट्रीय राजधानी में विदेशी मेहमानों और डेलिगेशन की मौजूदगी के दौरान संभावित साइबर खतरों का जिक्र किया गया है।
क्या करना है और क्या नहीं?
एडवाइजरी में अधिकारियों और कर्मचारियों को समिट के दौरान क्या करना है और क्या नहीं इसकी जानकारी दी गई है। इनमें ऑफिशियल सिस्टम और संवेदनशील डेटा की सुरक्षा कैसी करनी है इसकी जानकारी दी गई है।
मजबूत पासवर्ड के इस्तेमाल की सलाह
अधिकारियों से मजबूत पासवर्ड (कम से कम 8 अलग-अलग कैरेक्टर, नंबर और स्पेशल सिंबल) बनाने के लिए कहा गया है। एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि वे हर 45 दिन में पासवर्ड बदल दें। इसके अलावा एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि मल्टी फैक्टर ऑथेंटिकेशन एक्टिवेट करके रखें।
फर्मवेयर अपडेट और एंटीवायरस इंस्टॉल करने की सलाह
एडवाइजरी में कहा गया है कि सरकारी कंप्यूटर और लैपटॉप पर ऑपरेटिंग सिस्टम बीआईओएस फर्मवेयर को रेगुलर अपडेट करें। इसके अलावा सरकार द्वारा मंजूर एंटीवायरस सॉफ्टेवयर इंस्टॉल करें। जरूरी डेटा का बैकअप सेकेंडरी और ऑफलाइन स्टोरेज डिवाइस पर रखें।
थोड़े देर के लिए भी सीट से उठने पर लॉग आउट करें
अधिकारियों से कहा गया है कि जब भी वे अपनी सीट से उठे सिस्टम को लॉग आउट करें चाहे वह थोड़े समय के लिए ही क्यों न हो। इसके अलावा जब तक जरूरत न हो जीपीएएस, ब्लूटूथ और एनएफसी को डिसेबल करके रखने के लिए कहा गया है। इसके अलावा ऑफिशियल एप स्टोर से ही एप्लीकेशन को डाउनलोड करने की सलाह दी गई है। छोटे यूआरएल, एसएमएस लिंक और सोशल मीडिया मैसेज को लेकर भी सतर्क रहने के लिए कहा गया है। ऐसे मैसेज पर खास तौर पर सतर्क रहने के लिए कहा गया है जिनमें आकर्षक डील, भारी डिस्काउंट आदि का जिक्र हो। इनके अलावा सरकारी फाइलों के लिए गूगल ड्राइव और ड्रॉपबॉक्स जैसी थर्ड पार्टी क्लाउट स्टोरेज सर्विस का इस्तेमाल न करने की सलाह दी गई है।
कागज पर न लिखें संवेदनशील जानकारियां
पुलिस ने सरकारी कंप्यूटर और लैपटॉप पर बाहर से लाई गई यूएसबी ड्राइव और पेन ड्राइव के इस्तेमाल पर भी रोक लगा दी है। इसके अलावा अधिकारियों को सलाह दी गई है कि वे संवेदनशील जानकारियां जैसे पासवर्ड, आईपीए एड्रेस और नेटवर्क डिटेल आदिक को कागज पर न लिखें।







