नई दिल्ली। 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. भारत से लेकर ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान तक, सभी टीम अपना-अपना बेस्ट प्लेइंग 11 कॉम्बिनेशन तैयार करने में लगी हैं. अगले साल विश्व कप टूर्नामेंट 4 अक्टूबर-21 नवंबर तक चलेगा, जिसमें दुनिया की कुल 14 टीम भाग लेंगी. हर बार की तरह इस वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में भी रिकॉर्ड्स की झड़ी लग सकती है.
यहां बात करें वनडे वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की, तो यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैकग्रा के नाम है, जिन्होंने 41 विकेट चटकाए थे. मगर वर्ल्ड कप में विकेटों के लिहाज से नंबर-1 भारतीय की बात करें, तो उसका नाम सुनकर आप चौंक जाएंगे. इस सूची में जसप्रीत बुमराह चौथे नंबर पर हैं.
वर्ल्ड कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट
वनडे वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट मोहम्मद शमी ने लिए हैं. शमी ने अब तक 18 वर्ल्ड कप मैचों में 55 विकेट लिए हैं और भारतीयों में नंबर-1 हैं. 2023 वनडे वर्ल्ड कप में टॉप विकेट टेकर शमी ही थे, जहां उन्होंने 7 मैचों में 24 विकेट लिए थे. 2019 के वर्ल्ड कप में उन्होंने 4 मैचों में 14 विकेट, वहीं 2015 के टूर्नामेंट में भी उन्होंने 7 मुकाबलों में 17 विकेट लिए थे. शमी ने अब तक 3 वर्ल्ड कप खेले हैं और वाकई में वो टीम इंडिया के सबसे टॉप गेंदबाज रहे हैं.
बुमराह नंबर-4
वर्ल्ड कप के सबसे सफल भारतीय गेंदबाजों में दूसरे नंबर पर जहीर खान आते हैं, जिन्होंने 23 मैचों में 44 विकेट लिए, जबकि जवागल श्रीनाथ ने 34 मुकाबलों में 44 विकेट चटकाए थे. शमी इकलौते भारतीय गेंदबाज हैं, जिन्होंने वनडे वर्ल्ड कप में 50 या उससे अधिक विकेट लिए हैं.
खैर जसप्रीत बुमराह धीरे-धीरे इस लिस्ट में ऊपर आ सकते हैं, जो अभी 38 विकेट के साथ चौथे स्थान पर हैं. बुमराह ने 20 मैचों में इतने विकेट लिए हैं. उनके बाद अनिल कुंबले (31 विकेट), कपिल देव (28 विकेट) और रवींद्र जडेजा (27 विकेट) का नंबर आता है.
- 55 विकेट – मोहम्मद शमी
- 44 विकेट – जहीर खान
- 44 विकेट – जवागल श्रीनाथ
- 38 विकेट – जसप्रीत बुमराह
- 31 विकेट – अनिल कुंबले
- 28 विकेट – कपिल देव
- 27 विकेट – रवींद्र जडेजा
यह दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि मोहम्मद शमी का 2027 वनडे वर्ल्ड कप में खेलना मुश्किल लग रहा है. उन्हें 27 सितंबर से शुरू हो रही वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय स्क्वाड में स्थान नहीं मिला है. रवींद्र जडेजा की जरूर वापसी हुई है.







