नई दिल्ली। वनडे क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा बार 150 से ज्यादा बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज रोहित शर्मा हैं। रोहित शर्मा इस वक्त वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए पूरी तरह से तैयार हैं और वो इस टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा 3 बार 150 प्लस की पारी खेलने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं। यही नहीं रोहित शर्मा वनडे प्रारूप में एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा बार 150 रन से ज्यादा पारी खेलने वाले बैटर भी हैं।
रोहित शर्मा हैं नंबर 1
वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार 150 रन से ज्यादा का पारी खेलने के मामले में रोहित शर्मा पहले स्थान पर हैं और उन्होंने ये कमाल कुल 8 बार किया है जबकि इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर डेविड वॉर्नर हैं जिन्होंने ऐसा कुल 7 बार किया था। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर पूर्व भारतीय बैटर सचिन तेंदुलकर के साथ वेस्टइंडीज के पूर्व ओपनर क्रिस गेल और टीम इंडिया के स्टार बैटर विराट कोहली हैं जिन्होंने ऐसा 5-5 बार किया है।
वनडे प्रारूप में सबसे ज्यादा 150 प्लस पारी खेलने वाले टॉप-3 बल्लेबाज
- रोहित शर्मा- 8 बार
- डेविड वॉर्नर- 7 बार
- सचिन तेंदुलकर- 5 बार
- क्रिस गेल- 5 बार
- विराट कोहली- 5 बार
रोहित ने तीन बार खेली है वेस्टइंडीज के खिलाफ 150 रन से ज्यादा की पारी
रोहित शर्मा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन बार 150 रन से ज्यादा पारी खेलने का कमाल किया है। उन्होंने इस टीम के खिलाफ पहली बार ऐसा 2018 में गुवाहाटी में नाबाद 152 रन की पारी खेली थी जबकि दूसरी बार साल 2018 में ही मुंबई में 162 रन की पारी खेली थी तो वहीं साल 2019 में विजाग में 159 रन बनाए थे।







