नई दिल्ली। भारत और वेस्टइंडीज के बीच मंगलवार से लखनऊ में पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का आगाज होने जा रहा है। भारत वनडे के बाद अब टी20 सीरीज जीतने की फिराक में होगा। भारत ने घर पर खेले गए पिछले 10 मैचों में से 9 में वेस्टइंडीज को हराया है। हालांकि, वेस्टइंडीज को अन्य फॉर्मेट की तुलना में टी20 में मजबूत टीम माना जाता है। वेस्टइंडीज के पास सबसे छोटे फॉर्मेट में शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल और रोमारियो शेफर्ड जैसे आक्रामक बल्लेबाज हैं, जिनमें किसी भी स्थिति में मैच का रुख पलटने का दम है। यह तीनों लंबे-लंबे छकाने लगाने के लिए भी मशहूर हैं।
IND vs WI टी20 में सबसे ज्यादा छक्के
‘हिटमैन’ के नाम से मशहूर रोहित शर्मा के नाम भारत बनाम वेस्टइंडीज T20I मैचों में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2009 से 2022 के दौरान 22 मैचों में 693 रन बनाए, जिसमें 39 सिक्स उड़ाए। रोहित टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके और भारत के लिए सिर्फ वनडे क्रिकेट में एक्टिव हैं। उनके बाद लिस्ट में वेस्टइंडीज के विकेटकीपर-बल्लेबाज निकोलस पूरन हैं।
उन्होंने भारत के खिलाफ सबसे छोटे फॉर्मेट में 20 मुकाबलों में 592 रन बनाए और 35 छक्के जमाए। हालांकि, पूरन आगामी सीरीज में वेस्टइंडीज के स्क्वॉड का हिस्सा नहीं हैं। अनुभवी बल्लेबाज एविन लुईस ने भारत के सामने 9 टी20 मैचों में 33 रन बटोरे और 28 सिक्स ठोके। वह भी वेस्टइंडीज टीम में शामिल नहीं हैं।
रोहित शर्मा का रिकॉर्ड खतरे में पड़ा
रोहित शर्मा का भारत-वेस्टइंडीज टी20 मैचों में सबसे ज्यादा सिक्स उड़ाने का रिकॉर्ड खतरे में हैं। शिमरॉन हेटमायर और रोवमैन पॉवेल लिस्ट में नंबर-1 बनने के दावेदार हैं। हेटमायर फिलहाल सूची में चौथे नंबर पर हैं। उन्होंने भारत के विरुद्ध 28 मुकाबलों में 422 रन बनाए हैं, जिसमें 28 सिक्स जड़े। उन्हें आगामी टी20 सीरीज में रोहित का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 12 छक्कों की जरूरत है।
पूर्व धाकड़ ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड (17 मैचों में 324 रन और 27 सिक्स) पांचवें पायदान पर हैं। उनके बाद पूर्व भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव हैं। भारतीय टीम से बाहर चल रहे सूर्या ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 13 टी20 मैचों में 25 सिक्स लगाए हैं। उन्होंने 426 रन जुटाए। पॉवेल ने भारत के सामने 19 टी20 मैचों में 408 रन जोड़े, जिसमें 25 सिक्स शामिल हैं। पॉवेल एक हवाई फायकर करते ही सूर्या को पछाड़ देंगे लेकिन नंबर-1 बनने के लिए 15 सिक्स की दरकार है।







