पटना: सारण क्षेत्र की क्रिकेट प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें एक सशक्त मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित सारण क्रिकेट लीग (SCL) में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं बिहार विधान परिषद के सदस्य (एमएलसी) श्री संजय मयूख ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर श्री संजय मयूख ने लीग के 14वें मुकाबले का टॉस कराया। यह मुकाबला सोनपुर किंग्स और बनियापुर बुल्स के बीच खेला गया। उनके आगमन और खिलाड़ियों के साथ संवाद ने आयोजन में विशेष उत्साह का संचार किया।
श्री संजय मयूख की उपस्थिति ने इस बात को भी रेखांकित किया कि युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहन देना कितना महत्वपूर्ण है।
सारण के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री राजीव प्रताप रूडी की परिकल्पना पर आयोजित यह लीग ग्रामीण एवं स्थानीय क्षेत्रों में छिपी क्रिकेट प्रतिभाओं को खोजने, उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक अवसर उपलब्ध कराने और क्रिकेट के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने की एक महत्वपूर्ण पहल है।
लीग में सारण के विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली दस टीमें — सोनपुर किंग्स, एकमा चैलेंजर्स, परसा लायंस, अमनौर टाइगर्स, मांझी स्ट्राइकर्स, गरखा राइडर्स, छपरा वॉरियर्स, मढ़ौरा ईगल्स, तरैया पैंथर्स और बनियापुर बुल्स — हिस्सा ले रही हैं। इन टीमों के बीच हो रहे मुकाबले खिलाड़ियों की प्रतिभा, टीम भावना और खेल के प्रति उनके जुनून को प्रदर्शित कर रहे हैं।
सारण क्रिकेट लीग की एक विशेष उपलब्धि इसका हंगर फ्री भारत (Hunger Free Bharat) मिशन के साथ जुड़ाव भी है। इसके माध्यम से क्रिकेट जैसे लोकप्रिय खेल को भोजन की बर्बादी रोकने, भोजन के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने और जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने के सामाजिक अभियान से जोड़ा गया है। इसका उद्देश्य खेल के मैदान से निकलने वाले संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है।
प्रतियोगिता का बहुप्रतीक्षित ग्रैंड फिनाले 28 नवंबर को पटना के ऊर्जा स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा, जिसमें फाइनल में पहुंचने वाली टीमें चैंपियन बनने के लिए आमने-सामने होंगी।
सारण क्रिकेट लीग लगातार यह साबित कर रही है कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं को अवसर देने, समाज को जोड़ने और सकारात्मक बदलाव का संदेश फैलाने का प्रभावशाली जरिया भी बन सकता है।
सारण की प्रतिभाओं को पहचान, युवाओं को अवसर और खेल के माध्यम से सामाजिक बदलाव — यही सारण क्रिकेट लीग की मूल भावना और उद्देश्य है।







