ऋषिकेश। शिवाजीनगर की नहर से पानी की निकासी नहीं होने से क्षेत्रवासी परेशान हैं। क्षेत्रवासियों ने शहरी विकास मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल से नहर की सफाई और पानी की निकासी की व्यवस्था कराने की गुहार लगायी है। रविवार को शिवाजीनगर के क्षेत्रवासियों ने बैराज कैंप कार्यालय पहुंचकर शहरी विकास मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा। पार्षद जयेश राणा ने कहा कि आईडीपीएल से आने वाली नहर शिवाजीनगर से होते हुए गंगा में समाहित होती थी। पिछले कुछ सालों से इस नहर में आईडीपीएल से कोई पानी नहीं आ रहा है। वर्षाकाल तथा लोगों के घरों का पानी इस नहर में जमा हो रहा है। इससे यहां लोगों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ता है।
नहर से उठने वाली दुर्गंध के चलते स्थानीय लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। नगर में आए दिन जानवर और इंसान गिरकर चोटिल हो रहे हैं। साथ ही वर्षाकाल में पानी ओवरफ्लो होकर लोगों के घरों में घुस रहा है। उन्होंने नहर की साफ-सफाई कराने, यहां जमे पानी की निकासी कराने तथा नहर की चौड़ाई को कम करवाने की मांग की। कैबिनेट मंत्री ने लोगों को सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया। मौके पर मुन्नी राजपूत, कृष्णा सिंह नेगी, आशीष राय, संजू, नैन सिंह रावत, रोशन सजवाण, जितेंद्र सिंह रावत, अरविंद रावत, जेएस रावत, धर्म सिंह रावत, डबल सिंह पंवार, संतोष पाण्डेय, सिद्धार्थ त्रिपाठी, सौरव धीमान, लक्ष्मी चौहान, ममता रतूड़ी आदि उपस्थित रहे।







