नई दिल्ली । कमला नगर के वार्ड नंबर 69 महिला आरक्षित सीट से शोभा खारी को टिकट दिलाने के एवज में 90 लाख रुपये रिश्वत मांगने के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) पिछले आठ दिनों से विस्तृत तफ्तीश कर सुबूत इकट्ठा करने में जुटी हुई है। आम आदमी पार्टी के माडल टाउन से विधायक अखिलेशपति त्रिपाठी व वजीरपुर के विधायक राजेश गुप्ता को एसीबी मुख्यालय बुलाकर एसीबी पिछले हफ्ते ही सघन पूछताछ कर चुकी है। दोनों से करीब दस-दस घंटे तक पूछताछ की गई थी।
पैसों के सोर्स के बारे में चारों से पूछताछ जारी
एसीबी अब दोनों विधायकों व उनकी पत्नियों के बैंक खातों का स्टेटमेंट निकलवाकर पैसों के ट्रांजक्शन की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि पिछले दो-तीन माह में इनके खातों में कितनी रकम आई। उक्त रकम कहां-कहां से आई। पैसों के सोर्स के बारे में चारों से पूछताछ भी की जा रही है। एसीबी सूत्रों के मुताबिक शोभा खारी के पति गोपाल खारी का कोर्ट में धारा 164 के तहत बयान दर्ज करा दिया गया है। पत्नी को पार्षद का टिकट दिलाने के लिए उनक जिन-जिन नेताओं, कार्यकर्ताओं व अन्य से मोबाइल के जरिए बात हुई थी। जिन लोगों से मिलकर उन्होंने टिकट के लिए पैसों की डील की थी। डील तय होने पर जिन लोगों को उन्होंने पैसे दिए थे। उन सभी से पूछताछ की जा रही है।
विधायकों के घरों व कार्यालयों के सीसीटीवी फुटेज जुटाए
टिकट देने वाले कमेटी के सदस्यों से भी पूछताछ की गई है। विधायकों के घरों व कार्यालयों के सीसीटीवी फुटेज जुटाए जा रहे हैं। एसीबी सूत्रों का कहना है कि गोपाल खारी व अखिलेशपति त्रिपाठी के पीए शिव शंकर पांडे के बीच क्या संबंध है। कब से वे एक दूसरे को जानते हैं। दोनों के मोबाइल के काल डिटेल रिकार्ड और चैटिंग पर हुई बातचीत के बारे में पता लगाया जा रहा है। एसीबी का कहना है कि अबतक 25 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। दोनों विधायकों से अभी एक-एक बार ही पूछताछ की गई है। जरूरत पड़ने पर उनसे दोबारा पूछताछ की जाएगी।
अखिलेशपति त्रिपाठी से 90 लाख रुपये में डील तय करने का आरोप
ज्ञात रहे कमला नगर में गोपाल स्वीट्स की दुकान चलाने वाले गोपाल खारी ने 14 नवंबर को एसीबी को दी शिकायत में आराेप लगाया था कि कमला नगर के वार्ड नंबर 69 से पत्नी शोभा खारी को पार्षद का टिकट दिलाने के लिए उनकी अखिलेशपति त्रिपाठी से 90 लाख रुपये में डील तय हुई थी। जिसमें 35 लाख उन्होंने अखिलेशपति त्रिपाठी व 20 लाख राजेश गुप्ता को घर जाकर दिए थे। टिकट न मिल पाने पर विरोध जताने पर बीते 15 नवंबर की रात अखिलेशपति त्रिपाठी के साले ओम सिंह, पीए शिव शंकर पांडे व खास सहयोगी प्रिंस रधुवंशी जब गोपाल खारी को 33 लाख रुपये लौटाने आए थे तभी एसीबी की टीम ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया था।







