नई दिल्ली: दिल्ली में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) जल्द लागू होने जा रही है.दिल्ली इस स्कीम को अपनाने वाला 35वां राज्य/केंद्र शासित प्रदेश बन जाएगा. इसके तहत राजधानी में आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी. दिल्ली सरकार भी 5 लाख रुपये तक की अतिरिक्त मदद देगी. यानी दिल्ली वालों को कुल मिलार 10 लाख रुपये तक का हेल्थ कवर मिलेगा. दिल्ली में 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्गों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा.
आइए जानते हैं क्या है आयुष्मान योजना? दिल्ली में कब से बनेंगे इसके कार्ड? कार्ड बनवाने का क्या है प्रोसेस? कौन ले सकता है इस योजना का फायदा:-
क्या है आयुष्मान योजना?
आयुष्मान योजना को दुनिया की सबसे बड़ी हेल्थ स्कीम कहा जा रहा है. ये देश के सबसे गरीब 40% लोगों को हर साल 5 लाख रुपये तक की मुफ्त इलाज की सुविधा देती है.केंद्र सरकार ने नेशनल हेल्थ पॉलिसी के तहत 2017 में इस योजना की शुरुआत की थी.तब पश्चिम बंगाल और दिल्ली समेत कई राज्यों ने इस योजना को मानने से इनकार कर दिया था. राज्यों में उनकी खुद की हेल्थ स्कीम चल रही थी. अब दिल्ली की सत्ता में आने के बाद BJP इस स्कीम को शुरू कर रही है.
कहां मिलता है इलाज?
आयुष्मान योजना के तहत देश भर के सिलेक्टेड सरकारी और निजी अस्पतालों में इलाज करवाया जा सकता है. अगर मरीज अस्पताल में भर्ती होता है, तो 10 दिन पहले और बाद के खर्च का भी इस योजना में कवर होता है.
कौन सी बीमारियां होती हैं कवर?
आयुष्मान योजना में पुरानी बीमारियां भी कवर होती हैं. ट्रांसपोर्ट पर होने वाला खर्च इसमें कवर होता है। सभी मेडिकल जांच, ऑपरेशन, इलाज जैसी चीजें इसमें शामिल हैं.
दिल्ली में किस दिन लागू होगी ये योजना?
आधिकारिक तौर पर डेट का ऐलान नहीं किया गया है. हाल ही में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा था कि आयुष्मान योजना को बहुत जल्द लागू किया जाएगा.







