सतीश मुखिया
मथुरा: भारतीय वायुसेना की विंग कमांडर व्योमिका सिंह को लेकर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव की कथित जातिसूचक टिप्पणी पर सियासत गरमा गई है। भाजपा के मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने इस बयान की तीखी आलोचना करते हुए इसे ‘दलित बेटी का अपमान’ करार दिया।
श्याम शर्मा ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा, “व्योमिका सिंह न केवल भारतीय वायुसेना की एक अधिकारी हैं, बल्कि वह देश की उन बेटियों में से हैं जिन्होंने अपने मेहनत और साहस से समाज की सोच को बदलने का काम किया है। एक दलित परिवार से निकलकर उन्होंने वायुसेना जैसी प्रतिष्ठित संस्था में अपनी पहचान बनाई। ऐसे में उनकी जाति को लेकर की गई टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।”उन्होंने सवाल उठाया, “क्या दलित बेटी देश की सेवा नहीं कर सकती?” शर्मा ने कहा कि यह बयान सिर्फ व्योमिका सिंह का नहीं, बल्कि पूरे दलित समुदाय और नारी शक्ति का अपमान है।
उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि इस प्रकार की टिप्पणी से यह स्पष्ट होता है कि पार्टी के कुछ नेता आज भी जाति आधारित राजनीति से ऊपर नहीं उठ सके हैं। उन्होंने मांग की कि रामगोपाल यादव से इस बयान के लिए सार्वजनिक माफी मांगी जाए और उन पर कानूनी कार्रवाई की जाएं।







