लखनऊ: उत्तर प्रदेश भाजपा में आने वाले दिनों में बड़ा बदलाव होने वाला है. यूपी भाजपा संगठन में ‘एक व्यक्ति एक पद’ वाले फॉर्मूले के तहत जल्द ही कई पदाधिकारी पद छोड़ेंगे. बताया जा रहा है कि यूपी बीजेपी संगठन से योगी सरकार में मंत्री बने कई भाजपा पदाधिकारी संगठन के पद छोड़ेंगे. भूपेंद्र चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष बनते ही यह कवायद तेज हो गई है.
माना जा रहा है कि यूपी बीजेपी संगठन में 10 सितंबर के बाद बदलाव होगा. राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बेबी रानी मौर्य, प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर, प्रदेश उपाध्यक्ष एके शर्मा, ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष नरेंद्र कश्यप और प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह संगठन के पद छोड़ेंगे. बता दें कि ये सभी अभी मंत्री के रूप में योगी सरकार का हिस्सा हैं.
सूत्रों की मानें तो भारतीय जनता पार्टी की यूपी इकाई में बड़े बदलाव की कवायद तेज करते हुए भूपेंद्र चौधरी ने बैठकों का सिलसिला शुरू कर दिया है. भूपेंद्र चौधरी यूपी के सभी छह सांगठनिक क्षेत्रों की बैठकें 10 सितंबर तक संपन्न करेंगे. माना जा रहा है कि संगठन में बदलाव के बाद बीजेपी के चुनावी प्रबंधन की जिम्मेदारी नए चेहरे को मिलेगी.
बता दें कि इससे पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालने के बाद भूपेंद्र सिंह चौधरी ने राज्य सरकार के पंचायती राज मंत्री पद से इस्तीफा दिया था. भूपेंद्र चौधरी ने मंत्री पद से इस्तीफा पार्टी के ‘एक व्यक्ति-एक पद’ सिद्धांत के आधार पर दिया है. अब इसी सिद्धांत पर वे सभी पदाधिकारी संगठन के पद से इस्तीफा देंगे, जो सरकार में मंत्री भी हैं.
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने 25 अगस्त को भूपेंद्र चौधरी को पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया था. 54 वर्षीय भूपेंद्र चौधरी मुरादाबाद के महेंद्र सिकंदरपुर में रहने वाले एक किसान परिवार से आते हैं. वह राजनीतिक सफर के शुरुआती दिनों में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) से जुड़ गए थे.







