नई दिल्ली: दिल्ली में भले ही बीजेपी ने विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत दर्ज की हो और अब वह सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है लेकिन एक मामले में आम आदमी पार्टी ने उसे पीछे छोड़ दिया। यह मामला चुनाव में जीती सीटों के औसत अंतर या एवरेज मार्जिन का है।
विधानसभा चुनाव के नतीजों के विश्लेषण से पता चलता है कि बीजेपी ने जिन 48 सीटों पर जीत दर्ज की है, इसमें उसकी जीत का औसत अंतर 14,725 वोटों का रहा है। जबकि चुनाव में 22 सीटें जीतने वाली आम आदमी पार्टी का एवरेज मार्जिन 17,054 वोटों का रहा है। हालांकि आरक्षित सीटों के एवरेज मार्जिन के मामले में बीजेपी आगे रही है।
2020 के विधानसभा चुनाव में जब बीजेपी ने 8 सीटों पर जीत हासिल की थी तब उसका एवरेज मार्जिन या औसत अंतर 12,271 वोटों का था। तब आम आदमी पार्टी 62 सीटों पर जीती थी और उसका एवरेज मार्जिन 22,076 वोटों का था। इसका मतलब तब भी आम आदमी पार्टी एवरेज मार्जिन के मामले में बीजेपी से आगे रही थी।
आम आदमी पार्टी का एवरेज मार्जिन हुआ कम
अगर आप दोनों विधानसभा चुनाव के नतीजों में एवरेज मार्जिन की तुलना करेंगे तो पता चलता है कि बीजेपी एवरेज मार्जिन में लगभग ढाई हजार वोटों की बढ़त दर्ज करने में सफल रही जबकि आम आदमी पार्टी का एवरेज मार्जिन 5,000 से ज्यादा वोटों से कम हो गया।
आरक्षित सीटों पर कितना रहा एवरेज मार्जिन?
दिल्ली में अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित 12 सीटों में से आम आदमी पार्टी ने 8 सीटें जीती हैं और इसमें उसका एवरेज मार्जिन 11,789 वोटों का रहा है। इस मामले में बीजेपी का प्रदर्शन बेहतर रहा है पार्टी ने 12,755 वोटों के एवरेज मार्जिन से चार सीटें जीती हैं।







