मंडी : मंडी जिले में सेक्सटॉर्शन (आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग) के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। शातिर आपत्तिजनक वीडियो बनाकर पीड़ित लोगों को ब्लैकमेल कर रहे हैं और वीडियो दोस्तों और रिश्तेदारों को न भेजने की एवज में धनराशि की मांग कर रहे हैं। इसी तरह की शिकायतें मंडी साइबर पुलिस थाना के पास पहुंची हैं। शातिरों के बढ़ते दबाव के बाद दो दिन में करीब डेढ़ दर्जन लोगों ने थाने में शिकायतें दर्ज करवाई हैं।
मंडी साइबर पुलिस थाना ने इस तरह की घटना होने पर धनराशि न देने की अपील की है। इसके साथ किसी भी तरह की रिझाने वाली सोशल मीडिया चैट को दरकिनार करने को कहा है। मंडी साइबर पुलिस थाना में पहुंची शिकायतों में पीड़ित लोगों ने धनराशि तो शातिरों को नहीं दी, लेकिन शातिरों के दबाव से लोग परेशान हो गए। शातिर कभी खुद को दिल्ली पुलिस बताकर धमकाते हैं तो कभी मामला रफा-दफा करने की एवज में धनराशि की मांग पीड़िता के लिए करते हैं।
दरअसल यह पूरा खेल सोशल मीडिया से शुरू होता है। यहां लड़की की फेक प्रोफाइल से चैट करते हुए वीडियो कॉल तक पहुंचते हैं। उनके झांसे में आए लोग भी वीडियो कॉल कर बिना कपड़े पहने लड़की को देखकर उसकी कही बातों को फोलो करने लगते हैं। इसके बाद चंद मिनट बाद ही शिकार हुए व्यक्ति को उसका वीडियो सोशल मीडिया पर भेजा जाता है। बस यहीं से ठगी का असली खेल शुरू होता है।
शातिर वीडियो दोस्तों और रिश्तेदारों को भेजने की बात कहते हुए धनराशि भेजने की बात कहते हैं। इसके अलावा दिल्ली पुलिस के नाम पर भी शातिर फोन करना शुरू कर देते हैं। जो कि लड़की के साथ गलत हरकतें करने के आरोप में गिरफ्तारी की बात कहते हैं। डरे लोग कई बार मांगी हुई धनराशि भी भेज देते हैं, जबकि यह पूरा खेल ठगी से जुड़ा हुआ है। सेक्सटॉर्शन एक तरह का साइबर अपराध है। इसमें वीडियो कॉल, फोन या वेबकैम से किसी की निजी गतिविधियों या तस्वीरों को रिकॉर्ड कर ब्लैकमेल किया जाता है।







