देहरादून। आज 23 मार्च को उत्तराखंड की पुष्कर धामी सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल के चार वर्ष पूरे कर लिए। इस मौके पर देहरादून परेड ग्राउंड में जन-जन की सरकार- चार साल बेमिसाल कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस दौरान भाजपा विधायकों की मौजूदगी के बीच पुष्कर धामी ने शक्ति प्रदर्शन किया। उन्होंने मंच से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चार साल के कार्यों का लेखा-जोखा जनता के सामने साझा किया। पुष्कर धामी ने बताया कि इस दौरान भाजपा सरकार यूसीसी, मदरसा बोर्ड और दंगा विरोधी समेत कई सख्त कानून लाई।
सीएम पुष्कर धामी ने बताया कि उनकी सरकार ने लैंड जिहादियों से लेकर लव जिहाद और धूक जिहाद पर कार्रवाई की। चार साल में 12 हजार एकड़ से अधिक जमीन को अतिक्रमण को आजाद कराया। ऑपरेशन कालनेमि के तहत साधुओं के वेष में सनातन को बदनाम करने वालों पर सख्त कार्रवाई की। यह कार्यक्रम राज्य सरकार के चार साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
मिथक तोड़ भाजपा सत्ता में लौटी
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चार साल पहले उत्तराखंड की जनता ने एक बड़ी परंपरा और मिथक को तोड़ते हुए भाजपा सरकार को दोबारा सत्ता में लाया। उन्होंने कहा कि राज्य में यह धारणा बन गई थी कि कोई भी सरकार दोबारा नहीं आती, लेकिन जनता ने इस मिथक को तोड़कर नया इतिहास रचा। उन्होंने कहा कि पहले उन्होंने 2021 में जब सरकार का नेतृत्व शुरू किया तो कोरोना का दौर था। उस मुश्किल दौर में भी सरकार ने जनता की सेवा की और अगले साल चुनाव में सत्ता में वापसी की।
सरकार संकल्पों की दिशा में बढ़ रही आगे
सीएम धामी ने कहा कि इसी परेड ग्राउंड से उन्होंने मुख्य सेवक के रूप में शपथ ली थी और आज गर्व के साथ कह सकते हैं कि सरकार अपने संकल्पों को पूरा करने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकार के कार्यों के परिणाम हर क्षेत्र में साफ दिखाई दे रहे हैं।
पीएम मोदी की कही बात को याद किया
उन्होंने अपने पहले कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2021 में जब उन्हें पहली बार राज्य की सेवा का अवसर मिला, तब समय कम और चुनौतियां अधिक थीं। इसके बावजूद सरकार ने तेजी से काम करते हुए विकास की दिशा में ठोस कदम उठाए। मुख्यमंत्री ने याद किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा केदारनाथ धाम से 2021 में कहा था कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा, तब हमारी सरकार ने इन शब्दों को साकार करना अपना कर्तव्य और संकल्प बनाया। हमने उसी दिशा में निरंतर प्रयास शुरू किए।
कार्यक्रम के दौरान सरकार की चार साल की उपलब्धियों को भी गिनाया गया और आने वाले समय के लिए नए विकास संकल्पों को दोहराया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनकल्याण को सर्वोपरि रखते हुए प्रदेश को विकास की राह पर आगे बढ़ाती रहेगी।







