नई दिल्ली। तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने का फैसला किया है। राज्य की मुख्यमंत्री व टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने बुधवार को घोषणा की थी कि उनकी पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव राज्य में अकेले लड़ेगी। विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (INDIA) के लिए इसे बड़ा झटका माना जा रहा है। वहीं, टीएमसी नेता डेरेक ओब्रायन ने कहा कि पश्चिम बंगाल में कांग्रेस और उनकी पार्टी के बीच गठबंधन नहीं होने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी जिम्मेदार हैं। ओब्रायन ने कहा, ‘बंगाल में गठबंधन के कारगर नहीं होने के पीछे 3 कारण हैं। अधीर रंजन चौधरी, अधीर रंजन चौधरी और अधीर रंजन चौधरी।’
टीएमसी की ओर से कहा गया, ‘हमारी पार्टी ने 210 दिनों तक इंतजार किया। पिछले साल जून में पटना में इंडिया घटक दलों की बैठक हुई थी। यहां बातचीत के जरिए आपसी मुद्दों को सुलझाने पर सहमति बनी मगर चौधरी की ओर से बयानबाजियों में कोई कमी नहीं आई। कांग्रेस ने अपनी कब्र खुद खोदी है।’ ओब्रायन ने कहा कि इंडिया गठबंधन के अनेक आलोचक थे, लेकिन केवल 2 -भाजपा और चौधरी ने बार-बार इसके खिलाफ बयान दिए। तृणमूल कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि चौधरी बीजेपी के इशारे पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘आवाज उनकी है, लेकिन शब्द उन्हें दिल्ली में बैठे 2 लोगों की ओर से दिए जा रहे हैं। पिछले 2 साल में अधीर रंजन चौधरी भाजपा की भाषा बोलते रहे हैं। उन्होंने बंगाल को केंद्रीय कोष से वंचित रखे जाने का मुद्दा एक बार भी नहीं उठाया।’
‘ममता बनर्जी को अपमानित करने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस’
डेरेक ओब्रायन ने कहा, ‘जब बंगाल में तृणमूल के खिलाफ ED की कार्रवाई हुईं तो उन्होंने उनका भी समर्थन किया था। वह ममता बनर्जी को अपमानित करने के लिए विशेष संवाददाता सम्मेलन बुलाते हैं लेकिन भाजपा नेताओं के खिलाफ मुश्किल से ही बोलते हैं।’ ओब्रायन ने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘आम चुनाव के बाद अगर कांग्रेस अपना काम कर लेती है और अच्छी खासी संख्या में सीटों पर भाजपा को हरा देती है तो TMC उस मोर्चे में पूरी तरह शामिल रहेगी जो संविधान में विश्वास रखता है और उसके लिए लड़ता है।’
पश्चिम बंगाल में लोकसभा की सीटों के बंटवारे पर भी विवाद
दूसरी ओर, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि ममता बनर्जी के बिना INDIA गठबंधन की कल्पना भी नहीं की जा सकती। माना जा रहा है कि बनर्जी पर चौधरी के बार-बार हमलों से तृणमूल कांग्रेस नाराज है। कांग्रेस नेता ने पिछले दिनों ममता बनर्जी को अवसरवादी कहा था और यह भी कहा कि उनकी पार्टी चुनाव अकेले लड़ेगी। TMC ने कांग्रेस को लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल में 2 सीटों पर लड़ने की पेशकश की थी। कांग्रेस को 2 सीटों की तृणमूल कांग्रेस की पेशकश रास नहीं आई और उसने इसे बहुत कम बताया। बाद में सूत्रों ने कहा कि पार्टी एक और सीट दे सकती है। बनर्जी के राज्य में अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद सूत्रों ने कहा कि पिछले कम से कम 2 सप्ताह से कांग्रेस से सीट बंटवारे पर कोई बातचीत नहीं हुई है।







