नई दिल्ली: दिल्ली में जी20 सम्मेलन तैयारी पूरी हो चुकी है. दुनिया भर से आने वाले मेहमानों के स्वागत के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. इसके अलावा, देश की राजधानी को दुल्हन की तरह सजाया गया है और चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात हैं. सुरक्षा पहलुओं को लेकर पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने कई निर्देश जारी किए हैं. गुरुवार रात 12 बजे से 10 सितंबर की रात 12 बजे तक दिल्ली-जयपुर हाइवे से दिल्ली में सभी वाहनों की एंट्री बंद हो जाएगी. इसके अलावा, जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान इंडिया गेट और कर्तव्य पथ पर पैदल चलने, साइकिल चलाने या पिकनिक की इजाजत 10 सितंबर तक किसी को नहीं है. दिल्ली गुरुग्राम के सरहौल बॉर्डर से किसी भी वाहन को दिल्ली में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी.
गुरुवार रात से दिल्ली में लागू हो जाएंगी ये पाबंदियां
जी-20 समिट के लिए गुरुवार रात 12 बजे से 10 सितंबर रात 12 बजे तक के लिए दिल्ली में कमर्शियल वाहनों के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. रात 12 बजे के बाद से गुरुग्राम के इफको चौक से ही दिल्ली जाने वाला ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया जाएगा. इफको चौक से महरौली रोड और ओल्ड दिल्ली कापसहेड़ा रोड की तरफ डायवर्ट किया जाएगा. एंबुलेंस और आपातकालीन वाहनों जैसे कि फायर ब्रिगेड वगैरह को ही अनुमति मिलेगी. एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को भी ओल्ड दिल्ली कापसहेड़ा बॉर्डर वाले रास्ते का ही इस्तेमाल करना होगा.







