नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महिला सशक्तिकरण और Women-Led Development के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज तालकटोरा स्टेडियम में दिल्ली लक्ष्मी योजना का शुभारंभ किया. इस अवसर पर दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू और दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा भी उपस्थित थे.
कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा, मनजिंदर सिंह सिरसा, आशीष सूद, प्रवेश साहिब सिंह वर्मा, पंकज कुमार सिंह, लोकसभा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, मनोज तिवारी, योगेंद्र चंदोलिया, कमलजीत सहरावत, बांसुरी स्वराज और प्रवीण खंडेलवाल सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे.
प्रथम चरण में 4,000 स्वीकृति पत्र वितरित
योजना के शुभारंभ अवसर पर पात्र महिलाओं को प्रथम चरण में 4,000 स्वीकृति पत्र वितरित किए गए. इस योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में प्रतिमाह ₹2,500 की आर्थिक सहायता सीधे भेजी जाएगी, जिससे उन्हें दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने, शिक्षा एवं अन्य जरूरतों में सहयोग प्राप्त करने के साथ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी.
जानें दिल्ली लक्ष्मी योजना का उद्देश्य
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि योजना को लेकर महिलाओं में व्यापक उत्साह देखने को मिल रहा है और अब तक 9 लाख से अधिक महिलाओं ने पंजीकरण कराया है. उन्होंने कहा कि यह महिलाओं के विश्वास और इस पहल की स्वीकार्यता को दर्शाता है. दिल्ली लक्ष्मी योजना का उद्देश्य महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण को मजबूत करना है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में दिल्ली सरकार महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा महिलाओं के लिए अधिक अवसर और सहयोग सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही है.







