नई दिल्ली. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इस साल अब तक गलत जगहों पर वाहन खड़े करने के लिए 2.4 लाख से अधिक उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है. यह आंकड़ा पिछले साल की तुलना में लगभग 35 प्रतिशत अधिक है. अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस ने इस साल गलत जगह पार्किंग के अधिक मामले दर्ज किए हैं.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी ने बताया कि इन आंकड़ों से पता चलता है कि यह कार्रवाई यातायात में सुधार लाने और दिल्ली की सड़कों पर सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की व्यापक पहल का हिस्सा है. अधिकारी ने बताया कि दिल्ली यातायात पुलिस ने पिछले कई महीनों में गलत जगह पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए प्रयास तेज किए हैं क्योंकि अक्सर अनुचित जगह पर पार्किंग से जाम लग जाता है और कई बार इससे सड़क दुर्घटनाएं भी होती हैं। इस कार्रवाई के परिणामस्वरूप पार्किंग उल्लंघन के लिए किए गए चालानों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है.
पुलिस ने अवैध पार्किंग की घटनाओं पर अधिक प्रभावी ढंग से निगरानी रखने के लिए अतिरिक्त कर्मियों को तैनात किया है. इसके कारण गलत जगहों पर पार्किंग करने वाले लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने में मदद मिली है. साथ ही इस कदम से लोग उचित जगह पर पार्किंग करने के लिए प्रोत्साहित हुए हैं. अधिकारी ने बताया, ‘दिल्ली यातायात पुलिस ने इस साल अबतक गलत जगह पार्किंग के लिए 2,40,152 उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जबकि वर्ष 2023 में यह संख्या 1,77,800 थी. यह पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 35 प्रतिशत अधिक है.’
दिल्ली के ऐसे 10 ट्रैफिक सर्किलों की भी पहचान की गई है, जहां पर इन नियमों का घोर उल्लंघन किया गया और उनके खिलाफ सख्ती के साथ कार्रवाई भी की गई. साल 2024 में अनुचित पार्किंग करने वाले सबसे ज्यादा चालान काटे जाने वाले 10 प्रमुख सर्किलों में पंजाबी बाग प्रमुख रूप से शामिल हैं जहां पर सबसे ज्यादा चालान 14170 किए गए हैं. इसी तरह से बाकी नौ सर्किलों जिसमें रोहिणी में 9615, समयपुर बादली में 9493, मॉडल टाउन में 9347, सदर बाजार में 9104, कोतवाली में 8441, राजौरी गार्डन में 8219, द्वारका में 8099, कालकाजी में 7950 और अशोक विहार में 7860 वाहनों के चालान किए गए हैं.







