गोपालगंज : गोपालगंज में कुचायकोट पुलिस ने थाना क्षेत्र के एनएच 27 पर माधव मठ धर्म कांटा के पास एक कार से 710 बोतल शराब जब्त की है। इस करवाई के दौरान पुलिस ने कार को जब्त करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पूछताछ के बाद गिरफ्तार आरोपितो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया। मिली जानकारी के अनुसार, कुचायकोट पुलिस की एक टीम रविवार की शाम क्षेत्र भ्रमण पर थी।
हरियाणा के रहने वाले आरोपी
इस दौरान एनएच 27 पर माधव मठ धर्म कांटा के पास उत्तर प्रदेश की तरफ से आ रही कार को रोककर पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो कार में 710 बोतल अंग्रेजी शराब मिली। इसके बाद कार और बोतल दोनों जब्त कर ली गईं।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कार सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपित हरियाणा की झज्जर जिला अंतर्गत मछहोली थाना अंतर्गत बेरी गांव निवासी अनुराग तथा इसी थाना क्षेत्र की जातधर गांव निवासी संदीप हैं।
98 बोतल देसी शराब बरामद
इसके अलावा, पुलिस ने रविवार की शाम कटेया थाना क्षेत्र के सिधवनिया बाजार स्थित दुर्गा मोड़ के पास उत्तरप्रदेश की तरफ से आने वाली वाहनों की जांच के क्रम में 98 बोतल देसी शराब के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में कटेया थाना क्षेत्र के जमुनहां बाजार निवासी मयंक कुमार जायसवाल एवं भोरे थाना क्षेत्र के बेलवा ठकुराई निवासी अखिलेश यादव शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपितों से पूछताछ के बाद उन्हें सोमवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया।







