नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने राज्यसभा की आठ सीटों के लिए चुनाव तारीखों और मतदान का ऐलान हो गया है। राज्यसभा की खाली हुई 8 सीटों के लिए 19 जून को मतदान होगा। मतों की गणना भी उसी दिन शाम को होगी। बता दें कि इसमें से 6 सीटें तमिलनाडु से और 2 सीटें असम की हैं। संसद के उच्च सदन में हर दो साल पर कुछ निश्चित सीटों के लिए चुनाव होते हैं। असम से दो और तमिलनाडु से छह राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल जून और जुलाई में खत्म होने वाला है। अब देखना है कि असम और तमिलनाडु से कौन से कद्दावर चेहरे राज्यसभा पहुंचते हैं।
19 जून को मतदान
असम से दो और तमिलनाडु से छह राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल जून और जुलाई में खत्म होने वाला है। 19 जून को इन सभी सीटों के लिए मत डाले जाएंगे और मतों की गणना भी उसी दिन शाम में होगी। तमिलनाडु के छह सदस्य अंबुमणि रामदास (पट्टाली मक्कल काची), एन चंद्रशेखरन (AIADMK), एम षणमुगम (DMC), पी विल्सन (DMK) और वाइको (मरुमलार्ची द्रविड़ मुनेत्र कषगम) का कार्यकाल खत्म हो रहा है। इसके अलावा असम की दो सदस्यों वीरेंद्र प्रसाद वैश्य (भारतीय जनता पार्टी) और मिशन रंजन दास (भाजपा) का कार्यकाल जून में खत्म होने वाला है। राज्यसभा संसद का उच्च सदन है और यहां मतदान न तो गुप्त तरीके से होता है और न ही इसके लिए ईवीएम का प्रयोग किया जाता है।
पांच विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव
चुनाव आयोग ने देश के चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव की घोषणा कर दी है। गुजरात, केरल, पंजाब और पश्चिम बंगाल की 5 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव की तारीख का ऐलान आयोग ने कर दिया है। इन सभी पांच सीटों पर 19 जून को मतदान होगा और वोटों की गिनती 23 जून को की जाएगी। इन सभी सीटों पर चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है।







