नई दिल्ली : पीसीएस अधिकारी ज्योति मौर्य पिछले कई दिनों से चर्चाओं में हैं। पिछले महीने उनके पति आलोक ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने अपनी पत्नी को शादी के बाद पढ़ाया-लिखा और फिर जब वह एसडीएम बन गईं, तब उन्होंने मनीष दुबे से अफेयर शुरू कर दिया। ज्योति मौर्य ने कई दिनों तक चुप्पी साधे रखी। अब एक इंटरव्यू में उन्होंने आलोक पर पलटवार करते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं। ज्योति का आरोप है कि आलोक ने उनकी वॉट्सऐप अकाउंट को हैक किया। वहीं, बाद में कंप्रोमाइज के लिए ऑफर भी दिया। इसके अलावा, ज्योति ने मनीष दुबे पर भी चुप्पी तोड़ी है और बच्चों पर भी बयान दिया है।
‘दैनिक भास्कर’ के साथ बात करते हुए कहा कि आलोक ने दस महीने तक मेरे वॉट्सऐप अकाउंट को हैक करके रखा था। इस वजह से जो मैंने प्रयागराज के धूमनगंज थाने में जो केस किया हुआ है, उसमें आईटी ऐक्ट के तहत भी केस दर्ज है। इसके अलावा, आलोक व उसका परिवार मुझसे पैसों, कार, घर की भी मांग करता रहा है। हालांकि, ज्योति ने दहेज उत्पीड़न के आरोप से इनकार किया। उन्होंने कहा, ”मेरी शादी के सात साल से ज्यादा हो गए हैं, इस वजह से दहेज उत्पीड़न की धाराएं हट जाएंगी। चूंकि, मैंने 50 लाख रुपये, कार, घर के आरोप लगाए हैं, इस वजह से पुलिस ने दहेज उत्पीड़न की धाराएं लगा दी हैं।”
ज्योति ने मनीष दुबे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वह मनीष के साथ ही खुश हैं, और उनके साथ ही आगे की जिंदगी भी बढ़ाना चाहती हैं। उन्होंने मनीष के बच्चों को लेकर कहा कि उनके अभी कोई भी बच्चा नहीं है। उनका मामला फैमिली कोर्ट में चल रहा है, जोकि खत्म हो जाएगा। यदि कोई किसी के साथ लाइफ में बढ़ना चाहता है, तो उसमें बुराई क्या है। ज्योति ने आलोक पर इमोशनल कार्ड खेलने का भी आरोप लगाया। साथ ही, यह भी दावा किया कि कुछ दिन पहले आलोक ने कंप्रोमाइज करने के लिए भी उनके पास ऑफर भेजा था। वह घर और 50 लाख रुपये की मांग कर रहा था।
बता दें कि ज्योति के साथ अफेयर चलाने वाले मनीष दुबे पर भी पिछले दिनों कड़ी कार्रवाई की गई है। डीजी होमगार्ड उत्तर प्रदेश विजय कुमार मौर्य ने मनीष दुबे को सस्पेंड करने और विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं। मनीष पर कई अन्य आरोप भी हैं, जिसकी शिकायत पर उनके खिलाफ गाज गिरी है।







