शिमला: हिमाचल प्रदेश के परिवहन मंत्री और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मुफ्त 125 यूनिट्स बिजली योजना बंद करने की मंजूरी के बाद एचआरटीसी बसों में महिलाओं को किराये में छूट बंद करने की भी अफवाहों पर अब विराम लगा दिया है। अग्निहोत्री ने शिमला में एचआरटीसी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की मीटिंग के बाद किराया बढ़ाने से इंकार किया और कहा कि महिलाओं को मिल रही छूट भी जारी रहेगी।
दरअसल, शिमला में शुक्रवार को हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के 157वीं निदेशक मंडल की बैठक हुई। इस बैठक में अहम फैसले लिए गए। अग्निहोत्री ने बाद में इन फैसलों की जानकारी देते हुए कहा कि खर्चे घटाओ और आय बढ़ाओ बैठक का मुख्य एजेंडा था। एचआरटीसी की आय बढ़ाने पर चर्चा हुई और एमडी की तरफ से प्रेजेन्टेशन दी गई। उन्होंने किराया बढ़ाने और महिलाओं को छूट बंद करने की अफवाहों पर कहा कि किराये में बढ़ोतरी नहीं होगी और साथ ही छूट वाली योजनाएं चलती रहेंगी।
हिमाचल में सरकार ने 125 फ्री बिजली यूनिट को लेकर अहम फैसला लिया था, जिसमें प्रदेश के अफसरों और टैक्स देने वालों को फ्री 125 यूनिट्स देने की योजना को बंद करने की बात कही थी। इसके बाद अफवाहें उड़ने लगी थी कि बिजली दर्रों के अलावा, महिलाओं को बस किराये में मिलने वाली छूट भी सरकार बंद कर देगी। हिमाचल प्रदेश में सरकारी बसों में 50 फीसदी बस किराये की छूट मिलती है।

मंत्री ने बताया कि निगम के खिलाफ भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। एचआरटीसी के खिलाफ खबरें लिखी जा रही हैं और सोशल मीडिया में एक बुलेटिन सिर्फ एचआरटीसी को बदनाम करने के लिए ही चलता है। अग्निहोत्री ने बताया कि एचआरटीसी का फ्लीट बदला जाएगा और सरकार 297 इलेक्ट्रिक बस खरीद का टेंडर जल्द जारी करेगी। इसके अलावा, 24 वॉल्वो बसें बदलकर नई बसें खरीदी जाएंगी। परिवहन मंत्री ने बताया कि कुछ रूटों पर बड़ी बसों के स्थान पर टैंपो ट्रैवलर चलाए जाएंगे। इस वजह से 100 टैंपो ट्रैवलर खरीदे जाएंगे और 250 डीजल बसों की भी खरीद होगी।
मीडिया से बातचीत में मंत्री ने अहम जानकारी दी और कहा कि एचआरटीसी के केवल 231 रूट ही फायदे में चल रहे हैं और इनमें प्रति किमी 50 रुपये फायदा हो रहा है। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में एचआरटीसी के 3200 रूट हैं। डिप्टी सीएम ने बताया कि डोडा में आतंकी घटनाओं के चलते चंबा डोडा बस सेवा को सस्पेंड किया गया है। हाल ही में यह सर्विस शुरू हुई थी।







