दिल्ली : दिल्ली में दिनदहाड़े एक लड़की का मर्डर हो गया. शु्क्रवार, 28 जुलाई को ये घटना पॉश इलाके मालवीय नगर में घटी है, वो भी एक कॉलेज के बाहर. रिपोर्ट के मुताबिक मालवीय नगर के कमला नेहरू कॉलेज में पढ़ने वाली एक लड़की पर लोहे की रॉड से हमला हुआ. इस हमले में वो बुरी तरह जख्मी हो गई, कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई.
पुलिस के मुताबिक मर्डर का आरोपी मौके से फरार हो गया है. फिलहाल घटना की जानकारी होते ही डीसीपी साउथ मौके पर पहुंच गए हैं. पुलिस ने शव को पोस्टपॉर्टम के लिए भेज दिया है. और मामले की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस कॉलेज और आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है. इसके अलावा वो आरोपी को पकड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है.
शाहबाद डेयरी इलाके में चाकू से मर्डर
दिल्ली में 29 मई को शाहबाद डेयरी इलाके में एक नाबालिग की सरेआम हत्या कर दी गई थी. घटना का CCTV फुटेज भी आया. जिसमें दिखा कि आरोपी साहिल लड़की पर चाकू से हमला करता है. इसके बाद पत्थर उठाकर लड़की को मारता है. इस दौरान गली से कई लोग गुजरते हैं, लेकिन कोई भी लड़की को बचाने की कोशिश नहीं करता है. कुछ देर बाद साहिल मौके से फरार हो जाता है. इसके बाद घायल लड़की को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
नाबालिग लड़की जेजे कॉलोनी की रहने वाली थी. पुलिस ने बताया कि साहिल और मृतक लड़की रिलेशनशिप में थे. लेकिन दोनों के बीच किसी बात पर झगड़ा हो गया था. 28 मई को जब लड़की अपनी एक सहेली के यहां जा रही थी, तभी साहिल ने उसे गली में रोका और उस पर हमला कर दिया.







