नई दिल्ली: सोने की कीमत में लगातार गिरावट जारी है. जून में 15 हजार से अधिक गिरने के बाद जुलाई के पहले दिन सोने की कीमत में बड़ी गिरावट देखने को मिली. 1 जुलाई को सोने 1900 रुपये तो चांदी में 6000 रुपये सस्ता हो गया है. फरवरी से लेकर जून 2026 तक 24 कैरेट शुद्धता वाला सोना करीब 36000 रुपये तक गिर चुका है. 29 जनवरी को सोना अपने पीक पर था और इसकी कीमत 1.76 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर थी. 1 जुलाई को इसका भाव 1.39 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच चुका है. कीमत में बड़ी गिरावट के बावजूद सोने की खरीदारी में उछाल नहीं देखा जा रहा है.
सोना सस्ता, फिर भी क्यों नहीं खरीद रहे हैं लोग?
सोने की कीमत में इस गिरावट के बाद भी इसकी खरीदारी में वो उछाल नहीं देखा जा रहा है.इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन की रिपोर्ट के मुताबिक सोने की मांग में 70 फीसदी तक की गिरावट आई है. IBJA के सचिव सुरेंद्र मेहता की माने तो इंपोर्ट ड्यूटी में बढ़ोतरी के बाद से भारतीय बाजार में सोने की मांग 70 फीसदी तक गिर चुकी है. बता दें कि 13 मई को सरकार ने गोल्ड पर इंपोर्ट ड्यूटी को 6 फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी कर दिया था. इंपोर्ट ड्यूटी में बढ़ोतरी का असर सोने की खरीदारी पर दिखा.
प्रधानमंत्री ने की थी सोना नहीं खरीदने की अपील
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से सोना नहीं खरीदने की अपील की थी. प्रधानमंत्री की ये अपील काम कर गई और सोन नया सोना खरीदने के बजाए पुराना सोना बेच रहे हैं.IBJA ने भी अपनी रिपोर्ट में कहा कि सरकार की ओर से इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाए जाने के बाद से लोग नया सोना खरीदने में सावधानी बरत रहे हैं. नया सोना खरीदने के बजाए पुराने गोल्ड को बदलकर काम चला रहे हैं. अप्रैल-जून 2026 में भारतीयों ने करीब 50 टन पुराना बेचकर कैश इकट्ठा किया है. लोगों को डर सता रहा है कि सोने की कीमत में अभी और गिरावट आ सकती है.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत 4000 डॉलर से नीचे
इंटरनेशनल मार्केट में सोना 4,000 डॉलर प्रति औंस के अहम लेवल से भी नीचे गिर चुका है. 1 जुलाई को गोल्ड 3,987.48 डॉलर तक पहुंच गया है. मिडिल ईस्ट में टेंशन और अमेरिका में ब्याज दरों के ऊंचे रहने की उम्मीद के चलते सोना लगातार गिर रहा है.
सोने की मांग में कमी से क्या होगा असर ?
सोने की इस तरह से गिरती मांग भले ही सरकारी खजाने पर बोझ कम कर रही है, विदेशी मुद्रा भंडार बचा रही हो, लेकिन इससे लाखों ज्वैलर्स को भारी नुकसान हो रहा है. ज्वैलर्स सेक्टर पर दबाव है. सोने की घटती मांग ने लाखों लोगों के रोजगार पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं. खासकर छोटे-छोटे कामगारों की चिंता बढ़ने लगी है. छोटे-बड़े जेवराती कारोबारी परेशान हैं.
क्या है आज सोने की कीमत, साल 2026 में कितना सस्ता हुआ गोल्ड
MCX पर सोना अपने ऑल टाइम हाई से 50,000 रुपये तक सस्ता हो चुका है. साल के शुरुआत में गोल्ड की कीमत 1,92,991 रुपये प्रति 10 ग्राम थी, जो अब गिरकर 1,42,546 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच चुकी है. ग्लोबल मार्केट में स्पॉट गोल्ड की कीमत 0.6% की गिरावट के साथ $3,981.69 प्रति और पर पहुंच गया है, जो सात महीनों की सबसे बड़ी गिरावट है. घरेलू बाजार की बात करें तो इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट पर जारी गोल्ड-सिल्वर रेट कुछ इस तरह से है….
- 24 कैरेट शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,38,876 रुपये प्रति 10 ग्राम
- 22 कैरेट शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,27,772 रुपये प्रति 10 ग्राम
- 18 कैरेट शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,08,576 रुपये प्रति 10 ग्राम







