नई दिल्ली। स्ट्रेट ऑफ हार्मुज के जरिए भारत में क्रूड और LNG लाने पर सरकार ने कमर कस ली है। सूत्रों के मुताबिक स्ट्रेट ऑफ हार्मुज से भारतीय शिप की आवाजाही पर ईरान से बातचीत चल रही है। ज्यादा डिटेल्स के साथ सीएनबीसी-आवाज़ के इकोनॉमिक पॉलिसी एडिटर लक्ष्मण रॉय ने बताया कि ईरान संकट पर तीन सदस्यीय कमिटी का गठन किया जाएगा। गृह मंत्री अमित शाह होंगे इसकी अध्यक्षता करेंगे। इस कमिटी में विदेश मंत्री एस.जयशंकर और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी शामिल होंगे।
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक क्रूड और LNG पर सरकार एक्शन में है। स्ट्रेट ऑफ हार्मुज से भारतीय शिप की आवाजाही पर बातचीत जारी है। ईरान सरकार के साथ विदेश मंत्रालय संपर्क में है। फिलहाल दो जहाज परिमल और पुष्पक स्ट्रेट ऑफ हार्मूज से गुजर रहे हैं। भारत आने वाले 24 जहाज स्ट्रेट ऑफ हार्मूज के दूसरी तरफ फंसे हैं। इन जहाजों में 600 से ज्यादा भारतीय मौजूद हैं।
सूत्रों के मुताबिक भारतीय शिप को सुरक्षित गुजराने के विकल्प तलाशे जा रहे हैं। सीमित संख्या में भारतीय शिप की आवाजाही की छूट पर चर्चा की जा रही है। ईरान का ऐलान है कि US और उसके समर्थक देशों को कोई राहत नहीं मिलेगी। US का 1 बूंद तेल भी नहीं गुजरने देंगे। स्ट्रेट ऑफ हार्मूज को छोड़ बाकी रास्तों से सप्लाई 55% से बढ़कर 70% पर हो गई है।
इस बीच कच्चे तेल की कीमतों में एक बार फिर उबाल देखने को मिल रहा है। आज एक बार फिर ब्रेंट का भाव 100 डॉलर के पार निकल गया। 27 फरवरी से बात करें तो अब तक कीमतों में 37% की तेजी आ चुकी है। WTI क्रूड का भाव 96 डॉलर के आसपास दिख रहा है। IEA 400 मिलियन बैरल तेल जारी करेगा।
SPR से जारी होगा क्रूड?
IEA 400 मिलियन बैरल तेल जारी करेगा। ये IEA के इतिहास में सबसे बड़ी रिलीज होगी। इस बीच ट्रंप ने भी कहा है कि 172 मिलियन बैरल तेल जारी करेंगे। उनके रिजर्व में 415 मिलियन बैरल तेल मौजूद है। जापान अगले हफ्ते रिजर्व से जारी करेगा। इस तेल के बाजार तक पहुंचने में करीब 13 दिन लगेंगे।
जहाज पर हमला, क्रूड में उबाल?
स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज के पास 3 कार्गो जहाजों पर हमला हुआ है। रॉयटर्स के मुताबिक थाईलैंड का कंटेनर शिप भी हमले का शिकार हुआ है। IRGC ने जहाजों पर फायरिंग की जिम्मेदारी ली है। उधर US सेंट्रल कमांड ने कहा है कि कई ईरानी जहाज डुबोए गए हैं। इस बीच ईरान ने यह भी कहा है कि वह शर्तों के साथ युद्धविराम के लिए तैयार है। इसके लिए US और इजरायल भविष्य में हमला न करने की गारंटी दें। अधिकारों की मान्यता,मुआवजा और सुरक्षा गारंटी जरूरी है।
क्या कहता है बाजार?
मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि क्रूड का भाव 150 डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद कम है। हालात नहीं बदले तो इसके भाव 125 डॉलर तक पहुंच सकते हैं। हालात सुधारे तो भाव गिरकर 80 डॉलर तक आ सकते हैं।







