नई दिल्ली: अमेरिका के वॉशिंगटन में स्थित मशहूर ग्लोबल थिंक टैंक प्यू रिसर्च सेंटर (Pew Research Center) की ताजा स्टडी के मुताबिक, अमेरिका में रहने वाला हिंदू समुदाय वहां के सबसे शिक्षित धार्मिक समुदाय बनकर उभरा है.
इस मामले में उन्होंने पारंपरिक रूप से सबसे शिक्षित माने जाने वाले यहूदी समुदाय को भी पीछे छोड़ दिया है. यह रिपोर्ट न केवल हिंदुओं की उच्च शैक्षणिक योग्यता को दर्शाती है बल्कि अमेरिका के आर्थिक और सामाजिक विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को भी हाइलाइट करती है.
क्या कहती है स्टडी
19 फरवरी को जारी हुए रिलीजियस लैंडस्केप स्टडी (RLS) के आंकड़ों ने अमेरिकी समाज की एक नई तस्वीर पेश की है. इस रिपोर्ट के अनुसार, उच्च शिक्षा के मामले में हिंदू समुदाय सबसे शीर्ष पर है. स्टडी के मुताबिक, अमेरिका में रहने वाले 10 में से 7 हिंदुओं (यानी 70 प्रतिशत) के पास बैचलर डिग्री या उससे उच्च स्तर की शिक्षा है.
इस रिपोर्ट में एक और दिलचस्प बात सामने आई है कि शिक्षा के मामले में दूसरे नंबर पर रहने वाले यहूदी समुदाय के 65 प्रतिशत लोगों के पास डिग्री है लेकिन जब हिंदुओं की तुलना पूरे अमेरिका के औसत से की जाए तो उनकी सफलता और भी बड़ी नजर आती है.
खूब पढ़ते-लिखते हैं अमेरिकी हिंदू
अमेरिका के कुल वयस्कों में से केवल 35 प्रतिशत के पास ही कॉलेज स्तर की डिग्री है जबकि हिंदुओं का आंकड़ा 70 प्रतिशत है. इसका सीधा मतलब यह है कि अमेरिका में रहने वाले हिंदुओं की शैक्षणिक योग्यता वहां के राष्ट्रीय औसत से दोगुनी है.
प्यू रिसर्च सेंटर के नए विश्लेषण के अनुसार, अमेरिका में हिंदू सबसे अधिक शिक्षित धार्मिक समुदाय बनकर उभरे हैं जिनके बाद दूसरे स्थान पर यहूदी समुदाय आता है. इस अध्ययन में अमेरिका के सभी प्रमुख धार्मिक समूहों के शैक्षणिक स्तर का गहनता से आकलन किया गया था.
धार्मिक समूहों पर की गई थी स्टडी
प्यू रिसर्च सेंटर ने बताया कि 2023-24 रिलीजियस लैंडस्केप स्टडी (RLS) के ये नतीजे अमेरिका में धर्म और सार्वजनिक जीवन (Public Life) पर किए गए अब तक के सबसे बड़े और व्यापक सर्वेक्षणों में से एक हैं. यह डेटा अमेरिकी समाज में विभिन्न समुदायों की बदलती स्थिति और उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों को गहराई से दर्शाता है.
स्टडी के अनुसार, अमेरिका में हिंदुओं और यहूदियों का शैक्षणिक स्तर राष्ट्रीय औसत से कहीं अधिक है. आंकड़ों के मुताबिक, 10 में से 7 हिंदू (70 प्रतिशत) और 65 प्रतिशत यहूदियों के पास बैचलर डिग्री या उससे उच्च स्तर की शिक्षा है. इसकी तुलना में अमेरिका के कुल वयस्कों में से केवल 35 प्रतिशत ही इस स्तर तक पढ़ाई कर पाए हैं.
रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि औसत से अधिक उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले अन्य धार्मिक समूहों में मुस्लिम, बौद्ध और ऑर्थोडॉक्स क्रिश्चियन शामिल हैं. इन तीनों समुदायों में भी शिक्षा के प्रति काफी जागरुकता देखी गई है, जहां हर 10 में से 4 से ज्यादा वयस्कों के पास कम से कम बैचलर डिग्री मौजूद है.
क्या है बाकी धार्मिक समूहों की स्थिति
स्टडी के अनुसार, इस दौड़ में मेनलाइन प्रोटेस्टेंट क्रिश्चियन भी पीछे नहीं रहे और उनकी शिक्षा का स्तर भी अमेरिकी राष्ट्रीय औसत (35%) से ऊपर पाया गया है.
आपको बता दें कि मेनलाइन प्रोटेस्टेंट क्रिश्चियन अमेरिका के उन पारंपरिक और ऐतिहासिक ईसाई समुदायों को कहा जाता है जो सामाजिक और धार्मिक रूप से उदार यानी लिबरल माने जाते हैं.
वहीं दूसरी ओर रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि इवेंजेलिकल प्रोटेस्टेंट, कैथोलिक और पारंपरिक ब्लैक प्रोटेस्टेंट चर्च से जुड़े समुदायों में कॉलेज ग्रेजुएट्स की संख्या राष्ट्रीय औसत से कम दर्ज की गई. यानी इन समुदायों में उच्च शिक्षा प्राप्त लोगों का प्रतिशत देश के सामान्य औसत के मुकाबले थोड़ा पीछे रहा.
प्यू रिसर्च के अनुसार, अमेरिका की कुल वयस्क आबादी में लगभग 10 में से 4 लोगों के पास बैचलर डिग्री या उससे उच्च शिक्षा है. यह आंकड़ा विभिन्न धार्मिक समूहों के बीच शिक्षा के एक बड़े अंतर को साफ तौर पर दर्शाता है.
रिपोर्ट में बताया गया है कि शिक्षा के इस अंतर को समझने के लिए अमेरिका के इमिग्रेशन और जनसांख्यिकीय पैटर्न को देखना जरूरी है. विशेष रूप से हिंदू, मुस्लिम और बौद्ध समुदायों में उच्च शिक्षा का स्तर इसलिए अधिक है क्योंकि इनमें से अधिकतर लोग हायर-एजुकेशन या स्किल्ड-वर्कर के तौर पर अमेरिका आए थे. यह व्यापक डेटा 17 जुलाई 2023 से 4 मार्च 2024 के बीच किए गए धार्मिक लैंडस्केप स्टडी पर आधारित है जिसमें कुल 36,908 अमेरिकी वयस्कों ने हिस्सा लिया था.







