लखनऊ : उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन प्रबंधन ने ऊर्जा मुख्यालय शक्तिभवन में तैनात 96 अधिकारियों को सोमवार से तीन दिन तक मीटर रीडर के साथ उपभोक्ता परिसर में मीटर की रीडिंग के लिए भेजा है। इस काम में प्रदेश में तैनात सहायक अभियंता तक के अधिकारियों को लगाया गया है। अधिकारियों की उपस्थिति में मीटर रीडर मीटर की रीडिंग लेंगे। रीडिंग में कोई दिक्कत आने अथवा उपभोक्ता की कोई शिकायत होने पर उसका तत्काल समाधान किया जाएगा।
यह आदेश उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के चेयरमैन डा. आशीष गोयल ने दिए हैं। उन्होंने निर्देशित किया है कि विद्युत सप्लाई से संबंधित कोई भी सूचना जिससे उपभोक्ताओं को अवगत कराया जाना चाहिए, उसे बिजली कर्मी टोल फ्री नंबर-1912 पर भी दर्ज करा दें, जिससे उपभोक्ताओं को तक सूचनाएं समय से पहुंच सके।
चेयरमैन ने सोमवार को वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से समीक्षा के दौरान उपरोक्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा है कि नवंबर में पावर कारपोरेशन ने बिजली बिल वसूली में अच्छा प्रदर्शन किया है। नवंबर 2022 की तुलना में नवंबर 2023 में 45 फीसदी अधिक धनराशि की वसूली की गई है। वर्ष 2022 में 3718 करोड़ रुपये राजस्व मिले थे जबकि 2023 नवंबर में 5400 करोड़ रुपये राजस्व मिले हैं। बैठक में प्रबंध निदेशक पंकज कुमार भी उपस्थित थे।







