नई दिल्ली. दिल्ली में भीषण गर्मी का कहर जारी है. ऐसे में बिजली की मांग लगातार बढ़ती जा रही है. मगर दिल्ली में रहने वालों के सामने जो सबसे बड़ा संकट सामने आने वाला है, वह है पानी की समस्या. जिसकी वॉर्निंग दिल्ली की जल संसाधन समेत कई विभागों की मंत्री आतिशी ने इशारों-इशारों में दी है. लोकसभा चुनाव में वोटिंग से कुछ दिन पहले दिल्ली की कैबिनेट मंत्री आतिशी ने बीजेपी पर आम आदमी पार्टी को निशाना बनाने के लिए एक नई साजिश रचने का आरोप लगाया. आतिशी ने आरोप लगाया कि पड़ोसी राज्य हरियाणा में उसकी सरकार ने दिल्ली को पानी की सप्लाई रोक दी है.
एक प्रेस कांफ्रेंस में आतिशी ने कहा कि लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद से ही AAP को निशाना बनाने की साजिश बीजेपी रच रही है. इस मुद्दे पर दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखा है. पत्र लिखकर आतिशी ने हरियाणा से दिल्ली में यमुना के जल प्रवाह को जानबूझकर बाधित करने के मद्देनजर तत्काल हस्तक्षेप का अनुरोध किया है. उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा रोके गए पानी से दिल्ली में गंभीर जल संकट पैदा हो गया है. उन्होंने कहा कि हरियाणा की निष्क्रियता की हालत में उनकी सरकार सुप्रीम कोर्ट में तत्काल आवेदन दायर करेगी.
आतिशी ने कहा कि लोकसभा चुनाव की घोषणा के पांच दिनों के भीतर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया गया ताकि AAP चुनाव में प्रचार न कर सके. अंतरिम जमानत पर बाहर आने के बाद उन्होंने उन्हें फंसाने के लिए पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल का इस्तेमाल किया. लेकिन वह योजना भी काम नहीं आई. उन्होंने आरोप लगाया कि फिर उन्होंने पार्टी को विदेशी फंडिंग का पुराना मुद्दा उठाया और अब अपनी हरियाणा सरकार के जरिये भाजपा ने दिल्ली को यमुना के पानी की सप्लाई रोक दी है.







